ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कल वसई आएंगे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह

भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार, 13 मई को वसई आएंगे। वे वसई पश्चिम स्थित सनसिटी के विशाल मैदान में पालघर लोकसभा सीट पर महायुति से भाजपा उम्मीदवार डॉ. हेमंत सावरा की चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। गृहमंत्री के दौरे को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं।

भाजपा वसई-विरार जिला प्रचार प्रमुख मनोज बारोट ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की वसई में होने वाली सभा को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गईं है। इस बीच बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। धूप और गर्मी के कारण किसी को तकलीफ न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। लोगों के लिए सभा स्थल पर पेयजल की व्यवस्था की गई है। गृहमंत्री के आगमन के समय को लेकर बारोट ने कहा कि पहले सुबह 11.30 बजे का समय निर्धारित किया गया था। पर, अन्य चुनावी कार्यक्रमों के चलते यह दौरा दोपहर बाद संभावित है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के वसई आगमन को लेकर महायुति के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, समर्थकों और स्थानीय लोगों में भारी उत्साह है।

उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में पालघर सीट के लिए 20 मई को वोटिंग होनी है। इस सीट पर महायुति से भाजपा के उम्मीदवार हेमंत विष्णु सावरा चुनाव मैदान में हैं। वहीं बहुजन विकास आघाडी (बविआ) ने बोईसर के विधायक राजेश पाटील और महाविकास आघाडी ने शिवसेना (उद्धव) की प्रत्याशी भारती कामड़ी को मैदान में उतारा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *