ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

डोडा के जंगल में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में दो जवान घायल

जम्मू, 18 जुलाई। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के एक जंगल में गुरुवार तड़के आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में दो जवान घायल हो गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ कास्तीगढ़ इलाके के जद्दन बाटा गांव में सुबह करीब 2ः00 बजे हुई। आतंकवादियों ने चल रहे तलाशी अभियान के लिए एक सरकारी स्कूल में स्थापित अस्थायी सुरक्षा शिविर पर गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की और दोनों पक्षों के बीच एक घंटे से अधिक समय तक गोलीबारी जारी रही। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की गोलीबारी में दो जवान मामूली रूप से घायल हुए हैं। आतंकवादियों को मार गिराने के प्रयास जारी हैं।

सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात को आतंकवादियों के घात लगाकर किए गए हमले में एक कैप्टन समेत चार सैन्यकर्मियों के बलिदान के बाद देसा और आसपास के वन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

गुरुवार को अभियान का चौथा दिन है। मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात को देसा के जंगलों में दो स्थानों पर संक्षिप्त गोलीबारी भी हुई।

डोडा जिला 2005 में आतंकवाद से मुक्त हो गया था, लेकिन 12 जून से लगातार हमले हुए हैं, जिसमें चत्तरगला दर्रे में आतंकवादी हमले में छह सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। उसके अगले दिन गंदोह में गोलीबारी हुई, जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया था। 26 जून को जिले के गंदोह इलाके में एक दिन के अभियान में तीन आतंकवादी मारे गए थे, जबकि 9 जुलाई को घाडी भगवा जंगल में एक और मुठभेड़ हुई थी। इस साल की शुरुआत से जम्मू प्रांत के छह जिलों में लगभग एक दर्जन आतंकवादी हमलों में 11 सुरक्षाकर्मी, एक ग्राम रक्षा गार्ड बलिदान हो गए, जबकि पांच आतंकवादियों सहित कुल 27 लोग मारे गए। मृतकों में 9 जून को रियासी जिले के शिव खोडी मंदिर से लौट रहे सात तीर्थयात्री भी शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *