लोधेश्वर महादेवा में दोपहर तक दो लाख भक्तों ने किया जलाभिषेक

श्रावण मास के आखिरी सोमवार को लोधेश्वर महादेवा के दर्शन के लिए भक्तों का हुजूम लगा हुआ है। अभी तक दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने महादेवा में जलाभिषेक किया है। यह संख्या रात तक पांच लाख से अधिक होगी। इसको लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

रविवार की संध्या से ही प्रदेश के लखनऊ, उन्नाव, कानपुर, फतेहपुर, रायबरेली, सीतापुर, हरदोई, गोंडा, बहराइच सहित कई जनपदों से भारी संख्या में श्रद्धालुओं का महादेवा आना शुरू हो गया। देर रात तक मंदिर व मेला परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। भारी भीड़ के चलते मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए अर्धरात्रि से ही मंदिर के पट खोल दिए थे।

जालीदार बेरीकेटिंग के बीच कतारबद्ध तरीके से भक्तों ने महादेवा के दर्शन कर जलाभिषेक किया। हर-हर बम-बम के जयकारों से समूचा मेला परिक्षेत्र गुंजायमान हो रहा था। भक्तों की भीड़ को काबू में करने के लिए मंदिर के गर्भ गृह में उपनिरीक्षक ब्रजानंद यादव, आरक्षी ऋतुराज सिंह, भूपेंद्र सिंह, हरिकांत प्रवेश द्वार पर मुस्तैदी से लगे हुए हैं।

इसके अलावा उपनिरीक्षक राजेश कुमार पाल, आरक्षी नरेंद्र सिंह, सोनम, सुनीता निकास द्वार पर महिला उपनिरीक्षक रानी देवी आरक्षी अजय कुमार सोनी शुक्ला सुरक्षा की कमान संभाले हुए थे। सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है। मंदिर प्रबंधक का मानना है कि सोमवार की रात तक पांच लाख से अधिक श्रद्धालु जलाभिषेक कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *