ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मुजफ्फनगर में कैंटर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में दो की मौत, चार घायल

मुजफ्फरनगर जनपद के खतौली थाना क्षेत्र के गांव पलड़ा के निकट गंगनहर पटरी मार्ग पर सोमवार को गन्नों की खोई से भरे कैंटर और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की सहायता से घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मेरठ जनपद के सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव खिवाई निवासी शादाब पुत्र यामीन, तैमूर पुत्र बाबू, सलमान पुत्र शौकीन एवं मेहराज पुत्र गुलफाम कैंटर में मुजफ्फरनगर के भोपा, मोरना व जानसठ क्षेत्र के क्रेशरों से गन्ने की खोई उठान का काम करते हैं। सोमवार सुबह सभी लोग कैंटर में खोई लेकर जानसठ क्षेत्र से मेरठ के खिवाई जा रहे थे। जब उनका कैंटर गंगनहर पटरी मार्ग पर खतौली थाना क्षेत्र के पलड़ा गांव के निकट पहुंचा तो सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी भिड़ंत हो गई।

इस दुर्घटना में कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में कैंटर की खोई में दबने से शादाब और तैमूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सलमान, मेहराज समेत ट्रैक्टर-ट्राली सवार आबिद पुत्र ताहिर, हामिद पुत्र यासीन निवासी गांव जौला थाना बुढ़ाना मुजफ्फरनगर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घायलों में चीख-पुकार मच गई। यह देखकर राहगीरों की वहां पर भीड़ लग गई। लोगों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी खतौली में भर्ती कराया। मृतकों और घायलों के परिजनों को दुर्घटना की सूचना दे दी गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *