ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

लेडीज पर्स से 6 लाख से अधिक के जेवर और नकदी चुराने वाले को मुरादाबाद से पकड़ा

पर्यटक के लाखों के गहने और हजारों नकदी चुराकर फरार होने वाले आरोपित को नैनीताल पुलिस ने मुरादाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार गत 17 दिसंबर 2023 को मोहम्मद नासिर निवासी ठाकुरद्वारा उत्तर प्रदेश अपने परिवार के साथ नैनीताल घूमने आए थे। तल्लीताल क्षेत्र में स्थित चिड़ियाघर में घूमते समय उनकी पत्नी का पर्स फोटो शूट करते समय वहीं पर छूट गया था। वापस ढूंढने पर पर्स वहां नही मिला जबकि थोड़ी देर बाद पर्स वहीं पास में स्थित शौचालय के पास पड़ा मिला, लेकिन पर्स में रखे करीब 4 लाख रुपये मूल्य के 6 सोने के कंगन, 2 सोने की अंगूठी, एक जोड़ी चांदी की पायल और ₹12000 गायब थे। इसकी सूचना पर्यटक ने थाना तल्लीताल में आकर पुलिस को दी गई। इस पर तल्लीताल थानाध्यक्ष रमेश बोरा ने मामले की जांच थाने में नियुक्त एएसआई संदीप नेगी के सुपुर्द की।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, सर्विलेंस व मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भोजपुर, मुरादाबाद उत्तर प्रदेश निवासी 26 वर्षीय साने आलम पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कस्बा भोजपुर नजदीक बस स्टेशन को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित ने स्वीकार किया कि वह भी अपने साथियों के साथ घूमने चिड़ियाघर गया था। वहां घूमने के दौरान पर्स उठा लिया था और उसमें रखे जेवर व नकद रुपये चोरी कर लिये थे। उसके पास से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। उसके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 379 व 411 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। उसे गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में शिवराज राणा, इसरार नबी, अमित कुमार व हिम्मत राम भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *