स्टैंडअप कॉमेडी में बढ़ती अश्लीलता पर भड़के सुनील पाल, वेन्यू संचालकों से सख्त नियम बनाने की मांग
मुंबई: मशहूर हास्य कलाकार सुनील पाल ने मौजूदा दौर की स्टैंडअप कॉमेडी के स्तर पर चिंता जताते हुए अश्लील और अभद्र सामग्री के बढ़ते चलन की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने वेन्यू संचालकों से ऐसे कार्यक्रमों के लिए सख्त नियम लागू करने की मांग की है। हाल ही में स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे की एक विवादित टिप्पणी को लेकर विवाद बढ़ने के बीच सुनील पाल का यह बयान सामने आया है। शुक्रवार को जारी एक वीडियो में उन्होंने कहा कि कॉमेडी के नाम पर अश्लीलता परोसी जा रही है, जो समाज और युवा पीढ़ी के लिए चिंताजनक है। सुनील पाल ने कहा कि आजकल कई युवा कॉमेडियन मंच पर अभद्र भाषा और गालियों का इस्तेमाल कर दर्शकों का मनोरंजन करने की कोशिश करते हैं। उनके अनुसार इससे भले ही कलाकारों का करियर आगे बढ़ रहा हो, लेकिन समाज पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को गलत दिशा में ले जाने वाली ऐसी प्रवृत्तियों को बढ़ावा नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने वेन्यू मालिकों को सुझाव देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थलों पर स्पष्ट नियम होने चाहिए, जिनमें अश्लील भाषा, गाली-गलौज और अभद्र टिप्पणियों पर प्रतिबंध का उल्लेख हो।
उनका मानना है कि ऐसे नियम लागू होने से कॉमेडी के स्तर को बेहतर बनाया जा सकता है। सुनील पाल ने यह भी सवाल उठाया कि विवादित और अभद्र सामग्री प्रस्तुत करने वाले कलाकारों को बड़े मंच और लोकप्रिय टीवी कार्यक्रमों में अवसर क्यों दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि साफ-सुथरी और पारिवारिक मनोरंजन वाली कॉमेडी करने वाले कलाकारों को पर्याप्त प्रोत्साहन नहीं मिल रहा है। अपने बयान के अंत में उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील की कि कॉमेडी के नाम पर बढ़ रही अश्लीलता को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं और जरूरत पड़ने पर सख्त नियम या कानून बनाए जाएं।