ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

धार्मिक गाना बजाने पर दो पक्षों में हिंसक झड़प के बाद पथराव, क्षेत्र में तनाव

शहर के सदर इलाके में शनिवार देर रात 12 मुहाल में ई- रिक्शा में धार्मिक गाना बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। एक समुदाय के लोगों ने ई-रिक्शा चालक और उसके साथी पर हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने पहुंची भीड़ में से एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। समुदाय विशेष के लोगों के पथराव और शक्ति प्रदर्शन के दौरान जुटी भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति है, जिसे देखते हुए यहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 17 लोगों की गिरफ्तारी की गई। वहीं क्षेत्र में धारा 144 लगाई गई है।

जानकारी के अनुसार, मामला रात करीब 11 बजे तब शुरू हुआ, जब राहुल राठौर नामक आटो चालक 12 मुहाल से अपना ई-रिक्शा लेकर निकल रहा था। इस दौरान उसके ई-रिक्शा में धार्मिक गाना बज रहा था। इसी को लेकर वहां पर विवाद की स्थिति बनी। आटो चालक राहुल का कहना है कि 12 मुहाल के पास विशेष समुदाय के लोगों ने उसे रोका और गाना बजाने की बात को लेकर विवाद करने लगे। आरोपितों में से ही कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसका आटो भी तोड़ दिया। वहीं समुदाय विशेष के लोगों द्वारा की गई मारपीट की जानकारी जब दूसरे पक्ष को लगी तो वह भी इकठ्ठा हो गए। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची, लेकिन उपद्रवियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए।

ई-रिक्शा चालक राहुल राठौर ने बताया कि वह अपने दोस्त सौरभ कपालिया के साथ जा रहा था। तभी यह विवाद हुआ। आरोपितों ने राहुल और सौरभ को जमकर पीटा। विवाद में बीच बचाव करने आए गुड्डू माली नाम के युवक पर भी उपद्रवियों में से किसी ने चाकू से हमला कर दिया। विवाद की सूचना के बाद नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, भाजपा नेता जगन्नाथ गुरैया सहित हिंदू संगठन की कई नेता कैंट थाने पहुंचे और पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

इस संबंध में पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 17 आरोपितों की पहचान की है। उनकी गिरफ्तारी की है। वर्तमान में आचार संहिता के कारण धारा 144 भी लगी हुई है। कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत किसी भी प्रकार की सभा के आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किसी भी सभा का आयोजन प्रतिबंधित किया गया है।

सागर एसपी अभिषेक तिवारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवा रही है। इसके आधार पर आरोपितों की पहचान कर उनपर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हालत पर नजर बनाए हुए है। इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *