ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

खेल विश्वविद्यालय राई में जुलाई से आरंभ होंगे छह नये पाठ्यक्रम

राई स्थित खेल यूनिवर्सिटी में अब जुलाई माह से छह नये कोर्स आरंभ किए जाएंगे। फिलहाल इस विवि में केवल बैचलर आफ फिजिकल एजुकेशन इन स्पोट्र्स (बीपीइएस) की ही पढ़ाई हो रही है।

खेल विश्वविद्यालय राई के नवनियुक्त वाइस चांसलर अशोक कुमार ने कार्यभार संभालने के बाद हरियाणा के राज्यपाल एवं कुलाधिपति बंडारू दत्तात्रेय, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, खेल विभाग के प्रधान सचिव नवदीप सिंह विर्क, पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर, मुख्य सचिव संजीव कौशल से मुलाकात की। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अशोक कुमार ने यूनिवर्सिटी को लेकर तैयार किया गया ब्लू प्रिंट उनके साथ साझा किया।

नये कोर्स शुरू करने के प्रस्ताव से संतुष्ट मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वाइस चांसलर को सलाह दी है कि प्रदेश के नामचीन खिलाडिय़ों के साथ बैठक कर इन कोर्स व यूनिवर्सिटी की गतिविधियों को लेकर उनके सुझाव लिए जाएं। नये वीसी अशोक कुमार की योजना जुलाई में सभी छह सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और डिग्री कोर्स आरंभ कर देने की है। प्रत्येक कोर्स 60 सीटों का होगा। इस तरह पहले साल करीब 360 खिलाडिय़ों को खेल गतिविधियों के साथ-साथ डिप्लोमा और डिग्रियां भी मिल सकेंगी।

वीसी के अनुसार उनकी योजना स्पोट्र्स आफ न्यूट्रीशियन, स्पोट्र्स आफ फिजियोथेरेपी, स्पोट्र्स आफ सायक्लोजी, स्पोट्र्स आफ स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग (जिमनेजियम), स्पोट्र्स मैनेजमेंट और स्पोट्र्स जर्नलिज्म में सर्टिफिकेट कोर्स, डिप्लोमा कोर्स और डिग्री कोर्स के साथ ही आनर्स की डिग्री आरंभ करने की है। सर्टिफिकेट कोर्स एक साल का होगा, जबकि ़डिप्लोमा दो साल का निर्धारित करने का प्रस्ताव है। डिग्री तीन साल की और आनर्स कोर्स चार साल की पढ़ाई पर आधारित रहेगा।

अशोक कुमार ने पूछने पर बताया कि बहुत से खिलाड़ी 12वीं के बाद इस दुविधा में रहते हैं कि वह अपनी पढ़ाई जारी रखें अथवा खेल गतिविधियों में आगे बढ़ें। शैक्षणिक डिग्री प्राप्त करने के लिए ऐसे खिलाड़ी अपनी खेल गतिविधियों को रोकने का फैसला ले लेते हैं। स्पोट्र्स विश्वविद्यालय राई में नये पाठ्यक्रम आरंभ होने से विद्यार्थियों की यह दुविधा खत्म हो सकेगी और वे खेल गतिविधियों में शामिल होने के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रख सकेंगे।

उप कुलपति ने बताया कि खेल विश्वविद्यालय में 163 पदों पर भर्ती होनी प्रस्तावित है। फिलहाल यहां 20 अधिकारियों व कर्मचारियों का स्टाफ कार्य कर रहा है। धीरे-धीरे पाठ्यक्रम आरंभ होने के बाद वहां पर नई भर्तियां की जाएंगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसके लिए मंजूरी प्रदान की है। सरकार ने खेल गतिविधियों व पढ़ाई के कोर्स संचालित करने के लिए करीब 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *