ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

हरिद्वार के रुड़की में ईंट भट्टे पर हुए हादसे में 6 मजदूरों की मौत, कई घायल

उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के रुड़की तहसील में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रुड़की के एक गांव में ईंट भट्ठे की दीवार गिरने के कारण बारह से अधिक मजदूर मलबे में दब गये, जिनमें से अब तक छह की मौत हो चुकी है। यह हादसा सुबह-सुबह ईंट पकाने के लिए चिमनी में ईंट भरते समय हुआ। जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम जारी है।

हरिद्वार जनपद के अंतर्गत रुड़की तहसील में आज सुबह मंगलौर कोतवाली के लहबोली गांव स्थित सानवी ईंट भट्टे की दीवार अचानक गिर गई। इस दौरान कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। अभी तक पांच शव मलबे से निकाले जा चुके हैं जबकि एक मजदूर की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। घायल मजदूरों में तीन की हालत गंभीर है।

बताया जा रहा है कि सुबह मजदूर चिमनी में ईंट भरते मजदूर काम कर ही रहे थे कि दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता दीवार के पास खड़े मजदूर मलबे में दब गए। फिलहाल जेसीबी से मलबा हटाने का काम चल रहा है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।

मंगलौर कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि अब तक पांच शव बाहर निकाले जा चुके हैं। जबकि एक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। तीन मजदूरों की हालत गंभीर बनी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में घायल हुए मजदूरों में से तीन मजदूर लहबोली गांव, एक मजदूर मुजफ्फरनगर और अन्य स्थानीय गांव के थे।राहत व बचाव कार्य जारी है, स्थानीय प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं ।

मृतकों में 26 वर्षीय मुकुल पुत्र सुभाष निवासी ग्राम उदलहेडी थाना कोतवाली मंगलौर जनपद हरिद्वार, 20 वर्षीय साबिर पुत्र महबूब निवासी ग्राम मिमलाना जनपद मुजफ्फरनगर, 40 वर्षीय अंकित पुत्र धर्मपाल निवासी ग्राम उदलहेडी थाना मंगलौर जनपद हरिद्वार, 50 वर्षीय बाबूराम पुत्र कालूराम निवासी, ग्राम लाहबोली थाना कोतवाली मंगलौर जनपद हरिद्वार, जग्गी पुत्र बिसम्बर निवासी ग्राम पिन्ना जनपद मुजफ्फरनगर, समीर पुत्र महबूब निवासी ग्राम मिमलाना जनपद मुजफ्फरनगर शामिल हैं। जबकि रवि पुत्र राजकुमार निवासी बड़ोद जनपद बागपत व इंतजार पुत्र लतीफ निवासी जनपद सहारनपुर की हालत गंभीर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *