‘अल्फा’ के समर्थन पर शाहरुख खान हुए ट्रोल, नेटिजन्स ने उठाए बॉलीवुड के प्रमोशन कल्चर पर सवाल
नई दिल्ली: आलिया भट्ट, बॉबी देओल और शारवरी स्टारर फिल्म ‘अल्फा’ का टीजर 10 जून को रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। जहां एक तरफ आलिया के प्रशंसकों ने टीजर की जमकर तारीफ की, वहीं कई सिनेमा प्रेमियों ने इसे लेकर नाराजगी जाहिर की। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि टीजर के कई दृश्य अन्य फिल्मों से प्रेरित या मिलते-जुलते नजर आते हैं।
फिल्म के टीजर को बॉलीवुड के कई बड़े सितारों का समर्थन मिला। इसी कड़ी में शाहरुख खान ने भी सोशल मीडिया पर फिल्म और उसकी टीम की सराहना की। उन्होंने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि आलिया भट्ट लगातार अपने अभिनय के दायरे को बढ़ा रही हैं और उन्हें उम्मीद है कि फिल्म दर्शकों का दिल जीतने में कामयाब होगी। उन्होंने बॉबी देओल और निर्देशक शिव रवैल की भी तारीफ की।
हालांकि, शाहरुख खान का यह पोस्ट कुछ सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद नहीं आया। कई नेटिजन्स ने उनके ट्वीट पर सवाल उठाते हुए कहा कि बॉलीवुड सितारे फिल्म के प्रमोशन में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।कुछ लोगों ने हाल ही में चर्चा में रही फिल्म ‘धुरंधर’ का जिक्र करते हुए पूछा कि उस फिल्म के समर्थन में इस तरह की प्रतिक्रियाएं क्यों देखने को नहीं मिलीं।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने यह भी टिप्पणी की कि स्पाई यूनिवर्स की फिल्मों में नया चेहरा जरूर दिखाई दे रहा है, लेकिन कहानी और प्रस्तुति का ढांचा पहले जैसा ही महसूस होता है। वहीं कुछ लोगों ने मजाकिया अंदाज में रणवीर सिंह की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्हें भी स्पाई फिल्मों के लिए इसी तरह का समर्थन मिलना चाहिए।
फिलहाल, ‘अल्फा’ का टीजर रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर बहस का केंद्र बन गया है। फिल्म को लेकर सकारात्मक और नकारात्मक दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जिससे इसकी रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता और चर्चा बढ़ गई है।