ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मानव शृंखला बनाकर सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर जिले भर में सड़क सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके तहत बच्चों ने रैली निकाल व मानव शृंखला बनाकर यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इसके चलते मंगलवार को भामाशाह चौराहे से मानव शृंखला का निर्माण एवं सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर बीजेपी सांसद संघमित्रा मौर्य, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, डीएम मनोज कुमार,एसएसपी आलोक प्रियदर्शी ने सुभाष चंद्र बोस के चित्र पर माल्यार्पण किया। सांसद ने सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। साथ ही भामाशाह चौक से दातागंज मोड़ तक मानव शृंखला बनाकर लोगों को जागरूक किया गया। मानव शृंखला में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया गया।

बीजेपी सांसद संघमित्रा मौर्य ने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य है कि आमजन यातायात नियमों के बारे में जाने व उसका पालन करें। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन धारक हेलमेट, चार पहिया वाहन धारक सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। ओवर स्पीड व शराब पीकर गाड़ी न चलाएं। सांसद ने बच्चों और अन्य लोगों को शपथ दिलाते हुए कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करेंगे। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। घर पर बच्चे इंतजार कर रहे हैं।

डीएम मनोज कुमार ने कहा कि वर्तमान में सड़क सुरक्षा माह संचालित है, जोकि आगामी 14 फरवरी तक संचालित रहेगा, जिसके अंतर्गत मंगलवार को मानव श्रृंखला कार्यक्रम व सड़क सुरक्षा शपथ कार्यक्रम कराया गया है। उन्होंने बताया कि मानव शृंखला में करीब 4000 से अधिक विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा उत्साह से प्रतिभाग किया गया। मानव शृंखला के माध्यम से आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक किया गया। उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा माह में अनेक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर एसएसपी अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, अपर जिला अधिकारी प्रशासन वीके सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग मनीष सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी परिवर्तन अम्बरीश कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *