सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद के ट्रॉमा पर बोलीं रिया चक्रवर्ती, कहा- थेरेपी की मदद से खुद को संभाल रही हूं
मुंबई: अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद अपनी जिंदगी में आए कठिन दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय का मानसिक आघात आज भी उनके जीवन को प्रभावित करता है। उन्होंने बताया कि थेरेपी की मदद से वह धीरे-धीरे खुद को संभालने और आगे बढ़ने की कोशिश कर रही हैं। रिया हाल ही में नेहा धूपिया और अंगद बेदी के चैट शो ‘डबल डेट’ में अपने भाई शोविक चक्रवर्ती के साथ शामिल हुईं। इस दौरान दोनों ने साल 2020 के बाद के संघर्ष, मानसिक दबाव और जिंदगी में आए बड़े बदलावों पर खुलकर बात की। शोविक चक्रवर्ती ने बताया कि एक समय उनका सपना आईआईएम या व्हार्टन जैसे प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूल में पढ़ाई करने का था, लेकिन अचानक जिंदगी ने ऐसा मोड़ लिया जिसकी उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी। उन्होंने कहा कि सामान्य जीवन से एक बड़े संकट में पहुंच जाना उनके लिए बेहद मुश्किल अनुभव रहा। शोविक के मुताबिक, उस दौर से बाहर निकलने में उन्हें करीब चार से पांच साल का समय लगा। उन्होंने स्वीकार किया कि आज भी कई घटनाएं और आवाजें उन्हें उस कठिन समय की याद दिला देती हैं। शोविक ने बताया कि वह पोस्ट-ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (PTSD) से जूझ चुके हैं और इसका असर अब भी महसूस करते हैं। वहीं, जब रिया से पूछा गया कि क्या वह उस ट्रॉमा से पूरी तरह उबर चुकी हैं, तो उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभव पूरी तरह खत्म नहीं होते। रिया के अनुसार, ट्रॉमा केवल मानसिक स्तर तक सीमित नहीं रहता, बल्कि शरीर और भावनाओं पर भी इसका असर बना रहता है। उन्होंने कहा कि वह लगातार थेरेपी ले रही हैं और खुद को बेहतर बनाने की दिशा में प्रयास कर रही हैं। गौरतलब है कि साल 2020 में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद चल रही जांच के दौरान रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती का नाम एक ड्रग्स मामले में सामने आया था। इस मामले में दोनों को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने गिरफ्तार किया था, जिसके बाद यह मामला लंबे समय तक सुर्खियों में बना रहा।