ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

जलगांव में पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख

महाराष्ट्र के जलगांव में पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है, वहीं इस घटना में छह से सात लोग घायल हुए हैं। इस ट्रेन हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है।

महाराष्ट्र के जलगांव में ट्रेन हादसे में 12 लोगों की जान चली गई है। इस ट्रेन हादसे से हर कोई स्तब्ध हो गया है। देश के पीएम नरेन्द्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जाहिर किया है। जलगांव जिले में लखनऊ-मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगने की अफवाह की वजह से कई यात्री ट्रेन से कूद गए थे। इसी दौरान दूसरी तरफ से आ रही ट्रेन ने यात्रियों को कुचल दिया। अब सरकार की तरफ से मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का ऐलान किया गया है।

दर्दनाक हादसे से दुखी हूं
जलगांव ट्रेन हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया है। पीएम मोदी ने लिखा- महाराष्ट्र के जलगांव में रेल पटरियों पर हुए दर्दनाक हादसे से दुखी हूं। मैं शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। अधिकारी प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।

मुआवजा देने की घोषणा
वहीं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी महाराष्ट्र के जलगांव जिले में ट्रेन की चपेट में आने से 12 यात्रियों की मौत पर शोक जताया है और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। रेल मंत्री के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, जलगांव ट्रेन हादसे के परिजनों को 1.5-1.5 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपये और मामूली चोट वाले लोगों को 5,000 रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की गई है।

खर्च राज्य सरकार उठाएगी
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने भी जलगांव ट्रेन हादसे पर शोक जताया है और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की घोषणा की है। फडणवीस रेल हादसे में मारे गए यात्रियों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। फडणवीस ने स्विट्जरलैंड के दावोस से एक वीडियो संदेश भेजते हुए कहा कि घायल यात्रियों के इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी।

एक्सप्रेस ट्रेन ने कुचल दिया
मिली जानकारी के अनुसार, जलगांव जिले में रेलवे स्टेशन से आगे ब्रेक लगाने के बाद लखनऊ-मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस के पहियों से चिंगारी निकली थी। इस कारण यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान कुछ यात्रियों ने चेन खींच दी। ट्रेन से कुछ यात्री पटरी पर कूद गए। इन यात्रियों को दूसरी तरफ से आ रही कर्नाटक एक्सप्रेस ट्रेन ने कुचल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *