ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

11 जिलों में आज बारिश की संभावना, डिंडोरी, बालाघाट-मंडला में रेड अलर्ट

मध्यप्रदेश में तीन दिन से मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से पूर्वी मध्य प्रदेश में तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ ही कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो रही है। सोमवार को भी जबलपुर समेत 11 जिलों में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने डिंडोरी, बालाघाट और मंडला में रेड अलर्ट जारी किया है। यहां 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी चल सकती है। वहीं, सिवनी, जबलपुर, शहडोल और अनूपपुर में ऑरेंज अलर्ट है।

मौसम विभाग की मानें तो अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से पूर्वी मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। रविवार को जबलपुर, छिंदवाड़ा, बैतूल और सिवनी जिले में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और कई जगह ओले भी गिरे। सोमवार को भी सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले 19 मार्च तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना जताई है।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अगले 24 घंटे में जबलपुर, शहडोल, सागर, भोपाल, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। अनूपपुर, डिंडौरी, पांढुर्ना, सिवनी, मंडला एवं बालाघाट जिले में ओले गिरने भी आशंका है। राजधानी में भी गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में पश्चिमी विदर्भ से लेकर मराठवाड़ा एवं कर्नाटक होते हुए उत्तरी केरल तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जिसके कारण दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के साथ अरब सागर से नमी आ रही है। इसके अतिरिक्त बंगाल की खाड़ी में एक तीव्र प्रति चक्रवात बना हुआ है। उसके प्रभाव से दक्षिण-पूर्वी हवाओं के साथ बंगाल की खाड़ी से भी काफी नमी आ रही है।

वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग मौसम प्रणालियों के असर से पूर्वी मध्य प्रदेश में नमी आ रही है। इस वजह से गरज-चमक के साथ रुक-रुककर वर्षा हो रही है। सोमवार को भी जबलपुर, शहडोल के साथ नर्मदापुरम, सागर एवं भोपाल संभाग के जिलों में वर्षा होने के आसार हैं। सिवनी, डिंडौरी, पांढुर्ना, बालाघाट, अनूपपुर और मंडला जिले में ओले भी गिर सकते हैं। मौसम का इस तरह का मिजाज 19 मार्च तक बना रह सकता है। इस दौरान पूवीं मध्य प्रदेश में अधिकतम तापमान में काफी गिरावट होगी, जबकि रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *