• July 13, 2026

17 जुलाई को पीएम मोदी करेंगे बालाघाट रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, नैनपुर और छिंदवाड़ा स्टेशन भी होंगे राष्ट्र को समर्पित

बालाघाट: मध्य प्रदेश के महाकौशल क्षेत्र के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे की ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ के तहत पुनर्विकसित और आधुनिक सुविधाओं से लैस बालाघाट रेलवे स्टेशन का लोकार्पण आगामी 17 जुलाई को किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से इस स्टेशन का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित करेंगे।

बालाघाट रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था, जो अब समाप्त होने जा रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को इस संबंध में आधिकारिक कार्यक्रम की रूपरेखा मिल चुकी है, जिसके बाद स्थानीय रेल प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है।

हरियाणा से होगा तीन रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन

17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान वह वर्चुअल माध्यम से मध्य प्रदेश के तीन प्रमुख रेलवे स्टेशनों—बालाघाट, नैनपुर और छिंदवाड़ा—का एक साथ लोकार्पण करेंगे।

पिछले सप्ताह मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने बालाघाट रेलवे स्टेशन का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की थी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए थे। संयुक्त उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर तीनों स्टेशनों पर विशेष आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं।

करोड़ों रुपये की लागत से हुआ स्टेशन का कायाकल्प

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बालाघाट रेलवे स्टेशन का करोड़ों रुपये की लागत से व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन के नए स्वरूप में मुख्य भवन का सौंदर्यीकरण, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, नए प्लेटफॉर्म और यात्रियों के लिए कई उन्नत सुविधाएं विकसित की गई हैं।

जबलपुर-बालाघाट-गोंदिया रेलखंड के पूरी तरह ब्रॉडगेज में परिवर्तित होने के बाद से इस क्षेत्र में रेलवे बुनियादी ढांचे को और मजबूत करने की मांग लगातार उठ रही थी। अब स्टेशन का निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है और यह न केवल आकर्षक और आधुनिक स्वरूप में तैयार है, बल्कि यात्रियों को बेहतर और विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने के लिए भी पूरी तरह तैयार है।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि बालाघाट, नैनपुर और छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण से महाकौशल क्षेत्र में यात्री सुविधाओं के साथ-साथ पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए गए इन विकास कार्यों से रेलवे नेटवर्क को और अधिक आधुनिक तथा यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *