• July 19, 2026

PM मोदी से मिले कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी, चंडीगढ़ में मुलाकात का वीडियो वायरल; पंजाब की सियासत में बढ़ी हलचल

चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे के दौरान एक मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है। विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी से कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने मुलाकात की। इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मनीष तिवारी चंडीगढ़ लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद हैं। सरकारी कार्यक्रम में स्थानीय सांसद के तौर पर उनका शामिल होना सामान्य प्रक्रिया थी, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व से उनके रिश्तों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच यह मुलाकात राजनीतिक रूप से अहम मानी जा रही है।

पीएम मोदी और मनीष तिवारी की मुलाकात का वीडियो वायरल

सामने आए करीब 10 सेकेंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि मनीष तिवारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गर्मजोशी से हाथ मिलाते हैं। इस दौरान दोनों नेता मुस्कुराते हुए बातचीत करते नजर आते हैं। मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भी मौजूद थे।

इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

पंजाब कमेटियों में जिम्मेदारी नहीं मिलने पर जताई थी नाराजगी

हाल ही में कांग्रेस ने पंजाब को लेकर अपनी कई समितियों का ऐलान किया था। इसमें मनीष तिवारी को कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी गई थी, जिसके बाद उन्होंने नाराजगी जाहिर की थी।

मनीष तिवारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और पूर्व केंद्रीय मंत्री भी रह चुके हैं। ऐसे में उनकी पीएम मोदी से मुलाकात को लेकर सियासी कयास लगाए जा रहे हैं।

हालांकि, इस मुलाकात को लेकर दोनों नेताओं की ओर से कोई राजनीतिक बयान सामने नहीं आया है।

पीएम मोदी ने चंडीगढ़ में 4700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का किया शुभारंभ

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में 4,700 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि चंडीगढ़ केवल एक शहर नहीं बल्कि भारत के नियोजित विकास का मॉडल है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के विकास का लाभ केवल केंद्र शासित प्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के लोगों को भी मिलता है।

प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का भी जिक्र किया।

पंजाब पर बीजेपी की नजर

पंजाब की राजनीति में बीजेपी इस समय अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रही है। पार्टी को उम्मीद है कि राज्य में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान और आम आदमी पार्टी से जुड़े विवादों के बीच वह अपनी राजनीतिक जमीन तैयार कर सकती है।

बीजेपी इस बार पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं और अन्य दलों के भीतर चल रही गतिविधियों पर पार्टी की नजर बनी हुई है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *