ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब को किया अपमानित: नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यहां एक बार फिर कांग्रेस पर करारा हमला किया। उन्होंने बाबा साहेब को अपमानित करने और अपने हिसाब से इतिहास को तोड़ने-मरोड़ने के साथ खुद का महिमामंडित कराने का आरोप कांग्रेस पर लगाया।

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। उन्होंने होशंगाबाद लोकसभा क्षेत्र के पिपरिया में भाजपा उम्मीदवार दर्शन सिंह चौधरी के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज संविधान निर्माता बाबा साहब आंबेडकर की जयंती है। कांग्रेस ने बाबा साहब को हमेशा अपमानित किया। कांग्रेस ने अपने हिसाब से इतिहास को तोड़ा-मरोड़ा और खुद का ही महिमामंडन कराया। कांग्रेस की मानें तो तब लोकतंत्र सही चल रहा था। अब जब गरीबों का भला होने लगा तो कांग्रेस अफवाह फैलाने में लगी कि मोदी आया है, लोकतंत्र को खतरा है।

तीसरी बार सेवा करने का मौका मांग रहा मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने कि आज देश के इतिहास का बहुत बड़ा दिन है। आज संविधान निर्माता बाबासाहेब अंबेडकर की जयंती है। उनकी जन्मस्थली महू यहां से ज्यादा दूर नहीं है। महू में उनका घर हो या देश-विदेश में वे जहां भी रहे, उन स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करने का सौभाग्य भाजपा सरकार को मिला है। जो सम्मान कांग्रेस पार्टी ने उन्हें कभी नहीं दिया, वो सम्मान करने का सौभाग्य हमें मिला है। कांग्रेस जैसी पार्टियों ने हमेशा बाबासाहेब को अपमानित करने का काम किया है। बाबासाहेब ने जो संविधान बनाया है, उसके कारण ही आज गरीब मां का बेटा मोदी तीसरी बार आपसे सेवा करने का मौका मांग रहा है।

कांग्रेस का शाही परिवार दे रहा धमकी

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब तो कांग्रेस का शाही परिवार धमकी दे रहा है कि मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बना तो देश में आग लग जाएगी। बस देश को डराओ, घबराओ, आग फैलाओ। आज देश में आग नहीं लगी। यह जलन उनके दिल और दिमाग में ऐसे भरी पड़ी है कि वह उनको अंदर से जलाती जा रही है। मोदी ने कहा कि इतनी धूप में लोगों की बड़ी संख्या में आशीर्वाद देने आए हैं। मुझे बताया गया था कि शनिवार को यहां तेज बारिश हुई थी, पता नहीं कार्यक्रम हो पाएगा या नहीं लेकिन आपके प्यार ने इसे सफल बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *