ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने में मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स का कर्मचारी गिरफ्तार

महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स (एमडीएल) के एक कर्मचारी को पाकिस्तानी खुफिया जासूस के साथ प्रतिबंधित क्षेत्रों की संवेदनशील जानकारी लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। वह पाकिस्तान की महिला जासूस के हनी ट्रैप में फंसकर खुफिया जानकारी साझा कर रहा था।

एटीएस के मुताबिक रायगढ़ जिले के अलीबाग के रहने वाले कल्पेश बाईकर (31 वर्ष) ने अलीबाग के एक आईटीआई कॉलेज से फिटर कोर्स पूरा किया। इसके बाद वह मई, 2014 में भारतीय नौसेना के लिए युद्धपोतों, पनडुब्बियों और अपतटीय प्लेटफार्मों का निर्माण करने वाले मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स में स्ट्रक्चरल फैब्रिकेटर पद पर भर्ती हुए थे।

एटीएस को उनके बारे में कई महीनों से सोशल मीडिया पर एक महिला से चैट करने की सूचना मिली थी। दोनों की बातचीत इतनी आगे बढ़ गई कि देश की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील जगह पर काम करने वाले कल्पेश ने पैसे के बदले अपनी सोशल मीडिया मित्र के साथ महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। एटीएस सूत्रों का दावा है कि कल्पेश से बात करने वाली महिला पीआईओ की एजेंट थी और वह कल्पेश को हनीट्रैप में फंसाकर उससे संवेदनशील जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही थी।

एटीएस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कल्पेश पाकिस्तानी महिला जासूस से कब से जुड़े थे और अब तक कौन-कौन सी महत्वपूर्ण संवेदनशील जानकारी महिला जासूस के साथ साझा की है। एटीएस ने कल्पेश बाईकर और उनकी संपर्क सूची में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ आधिकारिक गोपनीयता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। इस मामले की गहन छानबीन एटीएस की टीम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *