ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

बारिश की आपदा में गई एक व्यक्ति की जान

जिला मुख्यालय नैनीताल सहित आसपास के क्षेत्रों में बीते दो दिनों से लगातार डरावने अंदाज में हो रही  तेज बारिश ने एक व्यक्ति की जान ले ली।

बुधवार सुबह जनपद मुख्यालय से करीब 17 किलोमीटर दूर कालाढूंगी रोड पर स्थित ग्राम थापला पट्टी मंगोली में नाले के पास एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान 44 वर्षीय चन्द्र दत्त बिष्टानिया पुत्र जीवन चंद्र बिष्टानिया निवासी ग्राम थापला पट्टी मंगोली तहसील व जिला नैनीताल के रूप में हुई। एसडीएम राहुल शाह ने तहसीलदार और पटवारी के साथ मौके पर पहुंचकर प्रभावित परिवार को आपदा अनुग्रह धनराशि स्वीकृत कर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

बताया गया है कि मृतक की पत्नी, बच्चों समेत कोटाबाग में रहती हैं। घटना के समय चंद्र दत्त कोई विद्युत संयोजन ठीक कर लौट रहे थे। तभी खमारी के समीप बरसाती नाले में उनका पैर फिसल गया और वह रात के अंधेरे में बह गए। उनके साथियों ने सोचा कि वह आगे निकलकर घर चले जाएंगे, लेकिन आज सुबह करीब 10 बजे घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर आगे पुल के नीचे उनका शव मिला। राजस्व पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

सड़क पर झरना और मलबा आने से बंद रही कालाढूंगी रोड। नैनीताल जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली कालाढूंगी रोड में अब लगातार परेशानी आ रही हैं। बीती शाम इस सड़क पर मंगोली के पास करीब दो घंटे तक विशाल झरना काफी ऊंचाई से सड़क पर गिरता रहा। इससे वाहन झरने के नीचे से गुजरने से डरे रहे। वहीं आज प्रिया बैंड के पास मलबा आने से भी करीब दो घंटे वाहनों का आवागमन बंद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *