• May 15, 2026

NEET-UG री-एग्जाम 21 जून को, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने छात्रों के लिए किए 6 बड़े ऐलान

देशभर में आयोजित होने वाली NEET-UG परीक्षा को पेपर लीक विवाद के बाद रद्द कर दिया गया था। अब राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने दोबारा परीक्षा कराने की तारीख घोषित कर दी है। NEET-UG री-एग्जाम 21 जून 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परीक्षा की नई व्यवस्था, सुरक्षा उपायों और पेपर लीक मामले की जांच को लेकर जानकारी दी। उन्होंने माना कि परीक्षा प्रणाली में चूक हुई है और इसकी जिम्मेदारी भी स्वीकार की। साथ ही छात्रों को राहत देने के लिए कई बड़े फैसलों का ऐलान किया गया।

अभ्यर्थियों के लिए सरकार के 6 बड़े ऐलान

  • सभी उम्मीदवारों को 14 जून तक एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
  • छात्रों को अपनी पसंद का परीक्षा शहर चुनने के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
  • परीक्षार्थियों के लिए विशेष ट्रांसपोर्ट व्यवस्था की जाएगी।
  • परीक्षा में छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त समय मिलेगा।
  • दोबारा परीक्षा के कारण छात्रों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ने दिया जाएगा।
  • अगले वर्ष से NEET परीक्षा कंप्यूटर आधारित मोड में आयोजित की जाएगी।

21 जून को होगी दोबारा परीक्षा

शुक्रवार सुबह NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट जारी कर री-एग्जाम की तारीख की पुष्टि की। एजेंसी ने कहा कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद 21 जून 2026, रविवार को NEET (UG) परीक्षा का पुनः आयोजन किया जाएगा।

NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक सूचना माध्यमों पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें।

हेल्पलाइन नंबर भी जारी

परीक्षा से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए अभ्यर्थी NTA हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र neet-ug@nta.ac.in पर ईमेल के जरिए भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *