ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

एमएमसीएच में प्रसव के दौरान जच्चा बच्चा की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

एमएमसीएच में नवनिर्मित मातृ एवं शीशु वार्ड में प्रसव के दौरान जच्चा बच्चा की मौत हो जाने पर परिजनों ने शुक्रवार की रात जमकर हंगामा किया। पुलिस हस्तक्षेप से मामले को शांत कराया गया और जांच कराने की बात कही गई है। हालांकि परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाकर प्राथमिक दर्ज कराने की जानकारी दी है।

महिला की पहचान कुंड मोहल्ला पनेरी गली निवासी पिंकी देवी पति राहुल गुप्ता के रूप में हुई है। महिला की एक वर्ष पहले शादी हुई थी। मामले में जिले के सिविल सर्जन डॉ. अनिल सिंह ने कहा कि जो भी आरोप लगाए गए हैं उसकी जांच होनी चाहिए और अगर डाक्टर और कर्मी दोषी पाए जाते हैं तो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। पैसे लेकर नॉर्मल डिलीवरी कराने के आरोप की भी जांच कराई जाएगी। सुपरिटेंडेंट इस मामले में पहल करेंगे।

इधर डॉक्टर आरके रंजन ने कहा कि प्रसव के क्रम में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई है। डिलीवरी के दौरान कभी-कभी 100 केस में से 1-2 मामलों में मौत हो जाने की संभावना बनी रहती है। पेशेंट मौत से 5 मिनट पहले तक ठीक थी। उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया गया। जो भी आरोप लगाए गए हैं, उसकी जांच होनी चाहिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।

मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता मनोज गुप्ता ने कहा कि महिला सुबह 9 बजे एडमिट हुई थी। डिलीवरी नहीं हुई थी। इसी क्रम में जच्चा बच्चा दोनों की मौत हो गई। डिलीवरी कराने में लापरवाही बरती गई। अंतिम समय तक स्पष्ट नहीं किया गया कि डिलीवरी नार्मल होगी या फिर सिजेरियन। इसी कारण से परिजन असमंजस में पड़े रह गए और उनके सामने ही यह घटना हो गई। मामले में लापरवाही के खिलाफ डॉक्टर और कर्मियों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *