• August 31, 2026

मायावती ने महिला वोटरों को दी नसीहत, ‘लुभावने वादों’ से बचने की अपील; सपा की ₹40 हजार वाली घोषणा पर साधा निशाना?

लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख मायावती ने महिला मतदाताओं से चुनाव के दौरान किए जाने वाले निजी लाभ से जुड़े लुभावने वादों और घोषणाओं से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के हथकंडों के जरिए चुनावों को अनुचित तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की जाती है। मायावती के इस बयान को समाजवादी पार्टी की हालिया घोषणा से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें गरीब और वंचित महिलाओं के खातों में हर साल सीधे 40 हजार रुपये देने के साथ-साथ मुफ्त लैपटॉप, साइकिल और मोबाइल फोन देने का वादा किया गया है।

उम्मीदवारों के चयन और चुनावी तैयारियों की समीक्षा

मायावती ने उत्तर प्रदेश की मंडल इकाइयों और सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी उम्मीदवारों के चयन की प्रगति की समीक्षा की।

बसपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे जनता को विरोधी दलों के कथित छलावे और विश्वासघात से अवगत कराएं। उनका कहना है कि मतदाताओं को जागरूक किया जाना जरूरी है, ताकि वे किसी दबाव या लालच के बजाय स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।

‘जेन-जी’ और ‘जेन-अल्फा’ को लेकर मायावती का बयान

मायावती ने ‘जेन-जी’ और ‘जेन-अल्फा’ पीढ़ी के युवाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में चुनाव के बाद सरकारों की ओर से कथित वादाखिलाफी और जनहित के प्रति गैर-जिम्मेदारी के खिलाफ युवाओं को भी आवाज उठानी पड़ रही है।

उन्होंने दावा किया कि ऐसे आंदोलनों और विरोध के कारण युवाओं को पुलिस मामलों और सरकारी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है। मायावती ने कहा कि बसपा इन मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।

बीजेपी सरकार पर भी साधा निशाना

उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए मायावती ने महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं से प्रदेश की जनता परेशान है और सरकार की घोषणाएं ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ साबित हो रही हैं।

बसपा प्रमुख ने पार्टी संस्थापक कांशीराम की पुण्यतिथि पर 9 अक्टूबर को लखनऊ स्थित ‘मान्यवर श्री कांशीराम जी स्मारक स्थल’ पर होने वाले मुख्य कार्यक्रम को पूरी निष्ठा के साथ सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश भी दिए।

नेपाल की बाढ़ पर जताया दुख, यूपी सरकार से की अपील

नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुए जान-माल के नुकसान पर मायावती ने दुख जताया। साथ ही उत्तर प्रदेश में बाढ़ की स्थिति को लेकर केंद्र और राज्य सरकार से प्रभावित लोगों की तत्काल मदद करने की अपील की।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समय रहते राहत और बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए तो पूर्वांचल के लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।

पंजाब चुनाव को लेकर पहले ही कर चुकी हैं बड़ा ऐलान

गौरतलब है कि मायावती ने इससे पहले पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा ऐलान किया था। उन्होंने कहा था कि बसपा पंजाब विधानसभा चुनाव बिना किसी गठबंधन के अपने दम पर लड़ेगी। पार्टी की नजर अब उत्तर प्रदेश के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी अपने संगठन को मजबूत करने पर है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *