ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

नोएडा के मामूरा गांव में भीषण आग, 2 लोगों की मौत; इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी में स्पार्क से हादसे की आशंका

नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा के मामूरा गांव में मंगलवार को भीषण आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग इलेक्ट्रिक बाइक की बैटरी में स्पार्किंग होने के बाद लगी और देखते ही देखते आसपास खड़े वाहनों तक फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी में स्पार्क से लगी आग

जानकारी के मुताबिक, मामूरा गांव स्थित जी-4 इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर एक इलेक्ट्रिक वाहन की बैटरी चार्जिंग पर लगी हुई थी। इसी दौरान बैटरी में स्पार्क हुआ और आग आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों तक फैल गई।

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर सर्विस की सात दमकल गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।

इमारत में रहते थे करीब 50 परिवार

जिस इमारत में आग लगी, उसमें करीब 50 परिवार रह रहे थे। दमकल और पुलिस की टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।

हालांकि, धुएं की चपेट में आने से दो लोगों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया गया।

सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा के सेक्टर-66 स्थित इमारत में आग लगने की घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और पूरे मामले की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर स्तर पर सतर्कता बरते और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

मकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने इस मामले में थाना फेस-3 में मकान मालिक और लीज धारक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में भी ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भीड़भाड़ वाला इलाका है मामूरा गांव

मामूरा गांव नोएडा का एक घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं। ऐसे में आग लगने की घटनाएं बड़े हादसे का रूप ले सकती हैं। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।

फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और प्रशासन हालात का जायजा लेने के साथ घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *