• May 18, 2026

महाराष्ट्र विधान परिषद की 16 सीटों पर 18 जून को चुनाव, नागपुर MLC उपचुनाव का भी ऐलान

भारत निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र विधान परिषद की 16 स्थानीय निकाय सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग के अनुसार, इन सभी सीटों पर 18 जून 2026 को एक साथ मतदान कराया जाएगा, जबकि मतगणना 22 जून को होगी।

निर्वाचन आयोग ने बताया कि इन सीटों पर सदस्यों का कार्यकाल अलग-अलग समय पर समाप्त हुआ था। सोलापुर और अहमदनगर सीटें जनवरी 2022 में रिक्त हुई थीं, जबकि ठाणे सीट जून 2022 में खाली हुई। इसके अलावा जलगांव, सांगली-सतारा और नांदेड़ समेत छह सीटें दिसंबर 2022 में रिक्त हुई थीं। वहीं औरंगाबाद-सह-जालना सीट पर सदस्य का कार्यकाल 29 अगस्त 2025 को समाप्त हुआ।

चुनाव कार्यक्रम जारी

निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, 25 मई 2026 को चुनाव अधिसूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवार 1 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे।

2 जून को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 4 जून तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून, गुरुवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना 22 जून, सोमवार को की जाएगी और पूरी चुनाव प्रक्रिया 25 जून तक पूरी कर ली जाएगी।

नागपुर MLC सीट पर उपचुनाव भी

निर्वाचन आयोग ने महाराष्ट्र विधान परिषद की नागपुर स्थानीय निकाय सीट पर उपचुनाव की भी घोषणा की है। इस सीट के लिए भी 18 जून 2026 को मतदान और 22 जून को मतगणना होगी।

यह सीट भाजपा नेता Chandrashekhar Bawankule के महाराष्ट्र विधानसभा के लिए चुने जाने के बाद 23 नवंबर 2024 को रिक्त हुई थी। उनका MLC कार्यकाल 1 जनवरी 2028 तक था।

ECI ने बताई उपचुनाव की शर्त

निर्वाचन आयोग (ECI) के नियमों के अनुसार, स्थानीय निकाय कोटे की सीट पर उपचुनाव तभी कराया जाता है जब संबंधित क्षेत्र के कम से कम 75 प्रतिशत स्थानीय निकाय कार्यरत हों और 75 प्रतिशत मतदाता पद पर मौजूद हों।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, महाराष्ट्र की रिपोर्ट के बाद आयोग ने माना कि अब सभी आवश्यक शर्तें पूरी हो चुकी हैं, जिसके बाद नागपुर सीट पर उपचुनाव कराने का फैसला लिया गया।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *