ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कुम्हार समाज को गुमराह कर रही सरकार: धुवारिया

आम आदमी पार्टी ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामनाथ धुवारिया ने कहा है कि लोकसभा व विधानसभा चुनाव नजदीक देखकर भाजपा सरकार पिछड़ा वर्ग, खासकर कुम्हार समाज को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लंबे इंतजार के बाद चुनावी सीजन में ईश्वर मालवाल को माटी कला बोर्ड का चेयरमैन बनाया जाना सरकार की इसी नीति का हिस्सा है।

माटी कला बोर्ड चेयरमैन पद पर नियुक्ति पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रामनाथ धुवारिया ने मंगलवार को कहा कि हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार ने अपने कार्यकाल के लगभग चार वर्ष जाने के बाद माटी कला बोर्ड चेयरमैन के पद पर नियुक्ति की है। सभी जानते हैं कि यह केवल नाम का ही बोर्ड व नाम की ही चेयरमैनी है, क्योंकि इस बोर्ड का कोई बजट नहीं है और न ही बजट अपने स्तर पर पिछड़ा वर्ग या कुम्हार समाज के हित में कोई काम करवा सकता है। जिस विभाग या बोर्ड का बजट ही न हो, उसकी चेयरमैनी देकर सरकार ने पिछड़ा वर्ग, खासकर कुम्हार समाज को गुमराह करने का प्रयास किया है, जो निंदनीय है।

उन्होंने कहा कि अब सरकार कई दिन इस चेयरमैनी के नोटिफिकेशन में निकाल देगी। इसके बाद नगर निगम व लोकसभा चुनाव का बिगुल बज जाएगा और ऐसे में माटी कला बोर्ड के चेयरमैन की चेयरमैनी केवल मात्र तीन या चार माह ही रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार का कुम्हार समाज से कोई लगाव होता तो इस समाज से जुड़े पदों पर पहले नियुक्तियां करती, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।

इस भेदभाव के लिए सरकार व सरकार में बैठे समाज के कुछ नेता जिम्मेवार हैं, जिनसे समय आने पर कुम्हार समाज बदला अवश्य लेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा व विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया निश्चित है और जनता भारी बहुमत से आम आदमी पार्टी की सरकार बनाएगी जो हर वर्ग के हितों पर खरा उतर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *