शिमला के समरहिल में भूस्खलन से मंदिर ध्वस्त, दो दर्जन लोग मलबे में दबे, तीन शव बरामद

हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश कहर बरपा रही है। राजधानी शिमला के उपनगर समरहिल में सोमवार सुबह भूस्खलन की चपेट में आया प्राचीन शिव बाड़ी मंदिर ध्वस्त हो गया। मलबे में करीब दो दर्जन लोगों के दबे होने की आशंका है। इनमें एक परिवार के सात लोग शामिल हैं।

राहत और बचाव दलों ने अब तक तीन शव मलबे से निकाले हैं। इनमें दो मासूम बच्चों के शव हैं। इस आपदा में पांच लोग चोटिल हुए हैं। शिमला के डीसी आदित्य नेगी और एसपी संजीव गांधी घटनास्थल पर मौजूद हैं।घायलों में अरुण कुमार (28), सावन (33), मोनू (19), अंकू (26), राहुल (19) शामिल हैं। ये सभी लकड़ी के कारीगर हैं। यह मंदिर पहाड़ी के नीचे है और पहाड़ी से लगातार हो रहे भूस्खलन से राहत कार्य में बाधा आ रही है।

पुलिस के मुताबिक भूस्खलन सुबह सवा सात बजे हुआ। सोमवार का दिन होने के कारण लोग शिव बाड़ी मंदिर में माथा टेकने गए थे। एसपी संजीव गांधी ने बताया कि तीन शव बरामद हुए हैं। राहत कार्य जारी है। मलबे में कई लोग दबे हैं। उन्हें निकालने की कोशिश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *