एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, हरमनप्रीत कौर को कमान
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को 2026 एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान एक बार फिर हरमनप्रीत कौर को सौंपी गई है, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान बनाया गया है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद भारतीय टीम अब एशियन गेम्स में दमदार वापसी करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरेगी। टीम इस बार डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान में उतरेगी, जिसने 2023 में चीन के हांग्जो में आयोजित एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था।
टीम में कुछ बदलाव
वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा रहीं विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। उनकी जगह जी. कमलिनी को शामिल किया गया है। वहीं ऑलराउंडर श्रेयंका पाटिल को भी टीम में शामिल किया गया है, हालांकि उनकी उपलब्धता फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर करेगी, क्योंकि वह हाल ही में टखने की चोट से उबरी हैं।
मजबूत बल्लेबाजी और गेंदबाजी संयोजन
भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम काफी मजबूत नजर आ रहा है, जिसमें हरमनप्रीत कौर, स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष शामिल हैं। वहीं गेंदबाजी की जिम्मेदारी दीप्ति शर्मा, रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी, राधा यादव और नंदनी शर्मा जैसे खिलाड़ियों पर होगी। बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा कि विमेंस सिलेक्शन कमिटी ने सितंबर 2026 में जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स के लिए टीम का चयन किया है।
2026 एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम:
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उपकप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी. कमलिनी (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, श्री चरणी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, श्रेयंका पाटिल*, राधा यादव, नंदनी शर्मा।