ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

रानियां अनाज मंडी में हैफेड की ओर से गेहूं की खरीद शुरू

रानियां अनाज मंडी में आज से गेहूं की सरकारी खरीद विधिवत रूप से शुरू हो गई है। आज आढ़ती एसोसिएशन रानियां के प्रधान अमरजीत सिंह तथा मार्केट कमेटी के सचिव सुरेन्द्र कुमार, हैफेड के मैनेजर राहूल कुमार की देखरेख में गेहूं की खरीद आरंभ करवाई। इस मौके पर आढ़ती एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष जसविन्द्र बसरा,पूर्व प्रधान राजेन्द्र डावर,रामचन्द जुनेजा,सुखविन्द्र बाजवा,राजेश चक्रवर्ती,अशवनी मिढा,मौजूद थे।

शुक्रवार दोपहर बाद नई अनाजमंडी की दुकान नंबर 74 से फर्म हेम राज ज्ञान चंद से गेहूं की खरीद शुरू हुई। गेहूं की खरीद हैफेड द्वारा की गई। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अमरजीत सिंह, एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ उक्त फर्म पर पहुंचे। उधर मार्केट कमेटी के सचिव सुरेन्द्र कुमार भी पहुंचे। पहले गेहूं में नमी की जांच की गई। जांच के दौरान गेहूं की ढेरी की नमी 11 प्रतिशत पाई गई जो ठीक है यानि, गेहूं सूखा था और उसकी क्वालिटी भी अच्छी थी। प्रधान अमरजीत सिंह ने बताया कि इस बार सरकार ने गेहूं का समर्थन मूल्य 2275 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। यानि, गेहूं की खरीद 2275 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी।

साथ ही उन्होंने किसानों व आढ़तियों से भी आह्वान किया है कि वे गेहूं को अच्छी तरह से सुखाकर व साफ करके ही मंडी में लाए ताकि खरीद में कोई परेशानी न आए। यदि गेहूं में नमी की मात्रा कम होगी तो उसे तुरंत खरीद लिया जाएगा। इससे एक तो किसानों को मंडी में इंतजार नहीं करना पड़ेगा, दूसरा गेहूं की भराई में भी कोई दिक्कत नहीं होगी। जैसे ही गेहूं की तुलाई होगी, उसे बोरियों में भरकर संबंधित खरीद एजेंसी अपने-अपने गाेदामों में भेज देगी। इससे मंडी में जाम की स्थिति नहीं बनेगी और खरीद कार्य सुचारू रूप से चलता रहेगा। इसलिए इस काम में सभी आढ़ती भाईयों व किसानों को साथ देने की जरूरत है। उल्लेखनीय है कि सरकार की ओर से 1 अप्रैल से ही गेहूं की सरकारी खरीद शुरू करने के आदेश दिए गए थे, मगर गेहूं की कटाई देरी से शुरू हुई है। इसलिए मंडी में गेहूं की आवक नहीं हो रही थी। अब कटाई शुरू हो चुकी है।.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *