ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

हिमाचल में बारिश-बर्फबारी के बाद खिली धूप, पांच दिन मौसम साफ

हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी व मध्यवर्ती भागों में बारिश के बाद शनिवार को धूप खिलने से मौसम सुहावना हो गया है।

लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू जिलों में धूप खिली है। इन जिलों की ऊंची चोटियां बर्फ से लकदक हैं। राजधानी शिमला में भी गुनगुनी धूप से लोगों को ठंड से राहत मिल रही है। हमीरपुर, ऊना, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और सोलन जिलों में भी मौसम साफ बना हुआ है, जबकि बिलासपुर में धुंध छाई है।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिन बारिश-बर्फ़बारी की संभावना से इंकार किया है। विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के मुताबिक सात दिसम्बर तक राज्य भर में मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान के सामान्य बने रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है।

राज्य में पिछले तीन-चार दिन में मौसम ने कड़े तेवर दिखाए। इस दौरान उच्च पर्वत श्रंखलाओं पर रुक-रुक कर बर्फ़बारी का दौर चला। लाहौल-स्पीति जिला ऊंचे इलाकों में बीती रात भी बर्फ़बारी हुई। इससे मनाली-लेह राजमार्ग वाहनों की आवजाही के लिए बंद हो गया। लाहौल-स्पीति जिला का प्रवेश द्वार रोहतांग दर्रा बर्फ़बारी की वजह से पहले ही आधिकारिक तौर पर बंद कर दिया गया है। राजधानी शिमला से सटे कुफरी में भी बीती रात हल्की बर्फ़बारी हुई, जबकि शिमला शहर में बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई।

बर्फ़बारी से राज्य के पहाड़ी इलाकों में जबरदस्त ठंड पड़ रही है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया है।

लाहौल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलांग सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां शनिवार को न्यूनतम तापमान -4.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके अलावा समधो में -2.6 डिग्री, कल्पा में -0.8 डिग्री, शिमला में 6.5 डिग्री, सुंदरनगर में 6.2 डिग्री, भुंतर में 6 डिग्री, ऊना में 6.2 डिग्री, सोलन में 6.3 डिग्री, पालमपुर में 6.7 डिग्री, मनाली में 2.9 डिग्री कांगड़ा में 8.9 डिग्री, मंडी में 7.6 डिग्री, डल्हौजी में 7.3 डिग्री, कुफरी में 4.4 डिग्री, नारकंडा में 2.5 डिग्री, रिकांगपिओ में 2.5 डिग्री, सराहन में 4 और सियोबाग में 5.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *