October 7, 2026

ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

उज्जैन में भारी बारिश से शिप्रा उफान पर, घाटों के मंदिर डूबे; कई इलाकों में जलभराव और रेस्क्यू जारी

उज्जैन (मध्य प्रदेश): उज्जैन में गुरुवार रात से हो रही लगातार तेज बारिश के कारण हालात बिगड़ गए हैं। भारी बारिश के चलते शिप्रा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे नदी किनारे बने घाटों पर स्थित कई छोटे मंदिर पानी में डूब गए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र घाटों पर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। साथ ही होमगार्ड और शिप्रा तैराक दल को तैनात किया गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

शिप्रा नदी उफान पर, धार्मिक गतिविधियां रोकी गईं

लगातार बारिश के बाद शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से घाटों पर तर्पण और पूजा जैसी धार्मिक गतिविधियों को रोक दिया गया। मौसम में आई इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो रही है। गुरुवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक जारी रहा, जिससे नदी-नाले भर गए और कई निचले इलाके जलमग्न हो गए।

कई इलाकों में जलभराव, यातायात प्रभावित

शहर के कई हिस्सों और ग्रामीण क्षेत्रों में भारी जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और कई कॉलोनियों में नालियों का पानी सड़कों पर आ गया। कुछ जगहों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई।

तेज बहाव में हादसे, एक लापता

तेज बारिश के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में दो अलग-अलग स्थानों पर बाइक सवार लोग उफनते पानी में बह गए। इनमें से एक व्यक्ति की जान बचा ली गई, जबकि दूसरे का अब तक पता नहीं चल सका है। जानकारी के अनुसार, बड़नगर रोड पर पंचायत सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा बाइक सहित तेज बहाव में बह गए। उनकी बाइक बाद में घटनास्थल से कुछ दूरी पर मिल गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा है। एसडीईआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। इसी तरह खेड़ाखजुरिया मार्ग पर एक अन्य युवक भी बाइक सहित बह गया, हालांकि उसने झाड़ियों और पेड़ का सहारा लेकर किसी तरह अपनी जान बचा ली।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान उफनते नालों, रपटों और पुलों को पार न करें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।

बारिश का आंकड़ा

जीवाजी वेधशाला के अनुसार, पिछले 24 घंटों में उज्जैन में लगभग 2.8 इंच बारिश दर्ज की गई है। मानसून सीजन की शुरुआत से अब तक जिले में करीब 12 इंच बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते प्रशासन अलर्ट पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.