ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

राज्य में 15 जून तक हीट वेव का रेड अलर्ट

 राज्य में हीट वेव के कारण लोग बेहाल हैं। फिलहाल, इससे अभी राहत नहीं मिलने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने भी 15 जून तक हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। जामताड़ा, पाकुड़, साहेबगंज को छोड़ सभी जिलों में तापमान 41 डिग्री से ऊपर है। इन जिलों के लिये 14 जून तक का अलर्ट जारी है।

सबसे अधिक तापमान गढ़वा, सरायकेला और डाल्टेनगंज का 45 डिग्री दर्ज किया गया। रामगढ़, गिरिडीह, पश्चिमी और पूर्वी सिहभूम, बोकारो का तापमान 43 डिग्री तक दर्ज किया गया। लातेहार, चतरा, खूंटी, धनबाद का तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया। लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, हजारीबाग, देवघर, रांची का तापमान 41 डिग्री दर्ज किया गया है। जामताड़ा, साहेबगंज, पाकुड़ का तापमान 39 से 36 डिग्री तक दर्ज किया गया।

रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बुधवार सुबह दस बजे के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि हीट वेव का सबसे अधिक प्रभाव पलामू, चतरा, गढ़वा, सरायकेला, पश्चिमी और पूर्वी सिंहभूम जिलों में देखा जायेगा। उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में पिछले दिनों लो प्रेशर बना था लेकिन ये काफी कमजोर निकला और बारिश लाने में इसकी भूमिका नहीं रही। ऐसे में 15 जून के पहले राज्यवासियों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। केंद्र ने हीट वेव से बचाव के लिये लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी रांची में 13 जून के बाद से मौसम में बदलाव होगा। इस दौरान आंशिक बादल छाये रहने की संभावना है। साथ ही दोपहर के पहले लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। हालांकि, 15 जून तक राजधानी समेत आसपास के हिस्सों में दोहपर बाद बूंदा-बांदी की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *