ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

शिवालयों में गूंजा हर-हर महादेव : रूद्रीपाठ के साथ पंचामृतों को शिवाभिषेक

शहर में शुक्रवार को महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम, उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया रहा है। शिवभक्तों ने श्रद्धा के साथ पंचामृतों के साथ शिवाभिषेक किए वहीं शिवालयों में सुबह से ही हर हर महादेव की गूंज सुनाई देने लगी। शहर के शिवालयों में सुबह से कन्याओं, महिलाओं एवं शिवभक्त पुरुषों की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान भोलेनाथ का जल, दूध, दूर्वा, शहद के साथ पंचामृतों से विशेष तौर पर अभिषेक किया गया। आज रात को शिव बारात का आयोजन भी होगा। मंदिरों में आकर्षक रोशनी के साथ फूलमंडली से सजाया गया है।

यहां होंगे विविध आयोजन :

शहर के प्रमुख अचलनाथ, भूतनाथ, जागनाथ सहित सभी शिव मंदिरों व शिवालयों में पूरी रात चारों प्रहर रुद्राभिषेक व आरती होगी। कटला बाजार स्थित करीब 550 साल पुराने अचलनाथ महादेव में विशेष पूजन किया गया है। यहां शुक्रवार सुबह 5 बजे नेपाली बाबा के धूणे से ली गई भस्मी से अचलनाथ महादेव की मंगला आरती की गई। वहीं भूतेश्वर वन क्षेत्र की पहाडिय़ों में स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर चारों प्रहर पूजन होगा। इसके अलावा पुष्करणा समाज के जागनाथ, जबरनाथ, एकलिंगजी, पंथेश्वरजी, उपकेश्वरजी, फतेहश्वरजी, मण्डलनाथ महादेव सहित समाज की देखरेख में संचालित हो रहे शिवालयों में विशेष आयोजन चल रहे है।

चांदपोल के बाहर प्राचीन रामेश्वरनाथ महादेव मंदिर, पंचकुण्ड स्थित सुखेश्वर महादेव मंदिर, पातालेश्वर महादेव मंदिर, बैजनाथ में रुद्राभिषेक किए गए। रेलवे वर्कशॉप के पास ओवरब्रिज के नीचे स्थित श्री श्रमिकेश्वर महादेव मंदिर में शिवरात्रि पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया।

खारड़ा-रणधीर रोड स्थित आदित्य द्वारकाधीश कॉलोनी में महाशिवरात्रि पर्व श्रद्धापूर्वक व हर्षोल्लास से मनाया जा रहा है। आदित्येश्वर मन्दिर समिति के चन्द्रप्रकाश राजावत व महेन्द्र कुमार गहलोत ने बताया कि समस्त आदित्य कॉलोनी वासियों द्वारा शिव भक्तों के लिए सुबह 9.30 बजे से ठंडाई वितरण का कार्यक्रम रखा गया। शाम 6 बजे महिला मंडल द्वारा भजन कीर्तन तथा रात्रि 10 बजे एक शाम आदित्येश्वर महादेव के नाम भजन संध्या का आयोजन होगा जिसमें भजन गायिका मंजू डागा एंड पार्टी द्वारा भजनों की प्रस्तुति के साथ शिव की आराधना की जाएगी। रात्रि 3.15 बजे आरती से जागरण पूर्ण होगा।

आज रात शिव बारात का आयोजन :

हरिओम सत्संग समिति के तत्वावधान में श्री शिव बारात महोत्सव समिति द्वारा आज महाशिवरात्रि पर शिव बारात निकाली जाएगी। शोभायात्रा संयोजक पंकज मेहरा व संस्था अध्यक्ष दिव्यांग खींची ने बताया कि शाम सात बजे जूनी बागर चौक से शिव बारात निकाली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *