ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए

राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को गांधी जयंती के अवसर पर मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किया। मौके पर बापू वाटिका स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर भजन मंडली के कलाकारों ने बापू के प्रिय भजन तथा राम धुन प्रस्तुत किए।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि देश के लिए आज ऐतिहासिक दिन है। हम सभी लोग आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती बड़ी शिद्दत और उमंग के साथ मना रहे हैं। आज यह प्रण लेने का दिन है कि किस प्रकार हम सभी लोग राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के विचार, आदर्श, मार्गदर्शन तथा उनका संदेश स्वच्छ मन, स्वच्छ सोच तथा स्वच्छ समाज की परिकल्पना को साकार करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। हम सभी देशवासियों को इस बात का गर्व होना चाहिए कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जैसा व्यक्तित्व हमारे देश ने पाया था। बापू के विचारों को अनुसरण करते हुए हमें त्याग और समर्पण की भावना से कार्य करने की आवश्यकता है, तभी सुखी एवं समृद्ध समाज की परिकल्पना पूरी होगी।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद महुआ मांजी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल, राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी, उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक रांची चंदन सिन्हा, राज्य खादी बोर्ड के सीईओ आरसी बसेरा, टाना भगत समुदाय के प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *