ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से बनेगा सुशासन और रामराज का नया इतिहास : डॉ. यादव

अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में शनिवार को राजधानी भोपाल के संत हिरदाराम नगर में हेमू कालाणी स्टेडियम में हनुमान चालीसा पाठ का कार्यक्रम में हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। स्टेडियम में करीब 11 हजार राम भक्त हनुमान चालीसा का पाठ किया। कार्यक्रम में आम नागरिक के साथ जन प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर के लिए कई जन्मों के बाद प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। हम सभी सौभाग्यशाली हैं, ये शुभ घड़ी सामने आई है। इसके लिए गत पांच सौ वर्ष से कई पीढ़ियां खप गईं। आने वाली 22 जनवरी को सुशासन और रामराज का नया इतिहास बनेगा। नये दौर का नया भारत बनेगा।

अखंड भारत की दिशा में होगा कार्य

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश विभाजन से राष्ट्र खंडित हो गया था, फिर अखंड भारत की दिशा में कार्य हो सकता है। ईश्वर ने चाहा तो देश में फिर पंजाब-सिंध और अफगानिस्तान भी शामिल होंगे। ननकाना साहिब हमारे यहां होगा। हनुमान चालीसा से भक्ति और शक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने भक्तों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भगवान राम के अनन्य भक्त हनुमान जी को आधार बनाकर आज के इस कार्यक्रम में हनुमान चालीसा का पाठ प्रशंसनीय है। काल के प्रवाह में आरोह-अवरोह होता है। समय अनुकूल नहीं था तब आतताईयों ने गलत निगाह डाली थी।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में सम्राट विक्रमादित्य के बनवाए श्री राम मंदिर में फिर से प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। वर्ष 1992 से चल रहे संघर्ष के बाद शुभ घड़ी आई है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में रामराज की स्थापना के लिए कार्य हो रहा है। हम सभी के लिए भगवान श्रीराम आराध्य हैं। अयोध्या में मंदिर का बनना अखंड भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है। भारतवासी आज समृद्धशाली अतीत को याद कर रहे हैं।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक रामेश्वर शर्मा ने स्वागत भाषण में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव बाबा महाकाल के भक्त हैं। वे मध्यप्रदेश से पांच लाख लड्डू अय़ोध्या भेज रहे हैं। उन्होंने संत हिरदाराम नगर के निवासियों के अनुरोध पर बीआरटीएस हटाने का निर्णय लिया है।

शहीद हेमू कालाणी की प्रतिमा पर किया नमन

प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शहीद हेमू कालाणी स्टेडियम पहुंचने पर अमर शहीद की प्रतिमा पर उनकी पुण्यतिथि 21 जनवरी के पूर्व दिवस पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अमर शहीद हेमू कालाणी के योगदान का स्मरण भी किया। प्रारंभ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का विधायक रामेश्वर शर्मा और अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्पहारों से स्वागत किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, भोपाल विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सुनील पाण्डे, सुशील वासवानी, राजेश हिंगोरानी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *