कांग्रेस सरकार से 10 गुना विकास कार्य भाजपा सरकार में हुए: कंवरपाल

यमुनानगर, 25 अगस्त। हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के गांव सलेमपुर बांगर में आयोजित एक कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के सैकड़ों समर्थकों ने भाजपा की जन हित की नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी का दामन थाम लिया। मंत्री कंवरपाल ने सभी को पार्टी का पटका और फूलमाला पहना कर भाजपा परिवार में स्वागत किया।
रविवार को यह जानकारी देते हुए कृषि मंत्री ने बताया कि आज भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में परिवारों सहित भाजपा में शामिल हुए है।पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों को पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। इन सभी के आने से भाजपा और मजबूत होगी। मंत्री कंवरपाल ने कहा कि भाजपा ने जिस निष्पक्षता के साथ पूरे प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के लिए कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि कहा भाजपा ऐसी सरकार है, जिसमें हर वर्ग के व्यक्ति को बिना किसी भेदभाव के बराबर मान-सम्मान मिलता है।
उन्होंने कहा कांग्रेस के राज में जितने विकास कार्य हुए थे भाजपा सरकार में उससे 10 गुना विकास कार्य हुए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने राज में किए गए पांच विकास कार्य नहीं गिनवा सकती। उन्होंने बताया कि बिना पर्ची खर्ची के योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी युवाओं को मिल रही है। प्रदेश में भाजपा सरकार द्वारा अधिकतम काम कर दिए गए हैं। उनकी सरकार ने पिछली सरकारों के मुकाबले 10 गुना अधिक काम किए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में फसलों का मुआवजा 1150 करोड रुपये दिया गया जबकि उनकी सरकार में 12500 करोड रुपये मुआवजा दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है, जिसमें छोटे से लेकर बढ़े कार्यकर्ताओं को समान रूप से सम्मान मिलता है, किसी भी कार्यकर्ता के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता है। इस मौके पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
