ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

कर्ज से परेशान किसान ने लगाई फांसी

बुंदेलखंड में कर्ज और मर्ज से परेशान किसानों द्वारा आत्महत्या का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा मामला तिंदवारी थाना क्षेत्र के ग्राम बेंदा के मजरा भैरमपुरवा का है। जहां एक किसान ने शुक्रवार को घर में साड़ी से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। बेटे ने पिता को फांसी पर लटके देखकर शोर मचाया, तब घर के लोगों को घटना की जानकारी हुई।

थाना क्षेत्र के बेंदा के मजरा भैरम पुरवा निवासी ललित कुमार सिंह (35) ने खपरैल की धन्नी में शुक्रवार को सुबह पत्नी की साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। आठ वर्षीय पुत्र लक्ष्मण ने पिता को फंदे से लटका देखकर शोर मचाया। शोर सुनकर पहुंचे भाई और पड़ोसियों ने ललित को फंदे से उतारा, तब तक ललित की मौत हो चुकी थी।

पड़ोसियों ने बताया कि मृतक ललित कुमार सिंह पिछले डेढ़ माह से बहुत परेशान था। उसने अपने दोस्तों से भी दूरी बना रखी थी। छोटे भाई सनोज ने बताया कि भाई के हिस्से में 5-6 बीघे जमीन खेती की है किंतु कर्ज के चलते वह भी गांव में गिरवी रखी हुई है। मेहनत मजदूरी करके वह किसी तरह परिवार का भरण पोषण कर रहा था। यह भी बताया कि उसने आर्यावर्त बैंक से कर्ज ले रखा था। इस समय 03 लाख 96 हजार 400 रुपए बैंक का कर्ज है। चार माह पहले उसने मैजिक खरीदी थी। किस्त जमा न होने से उसे भी फाइनेंस वाले खींच ले गए थे।

इसके अलावा उसने नाते रिश्तेदारों व गांव के साहूकारों से भी कर्ज ले रखा है। इस समय आर्थिक तंगी के कारण भी पत्नी गुड़िया मायके सतना चली गई है। वहां उसने 08 दिन पहले ही बेटी को जन्म दिया है। इस घटना से परिवार में मातम है।

क्षेत्राधिकारी गवेन्द्र पाल गौतम ने बताया कि ललित ने आत्महत्या की है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *