• May 4, 2026

रील और सेल्फी के खतरनाक ट्रेंड पर सीएम योगी की चेतावनी, बच्चों और अभिभावकों को लिखा संदेश

उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में सेल्फी और रील बनाने के दौरान बढ़ते हादसों को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों और अभिभावकों के नाम एक महत्वपूर्ण संदेश जारी किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को स्वीकार करते हुए इसके खतरनाक ट्रेंड्स पर चिंता जताई है।

सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि सोशल मीडिया आज संचार, सृजनात्मकता और सूचना का एक सशक्त माध्यम बन चुका है, लेकिन इसके साथ ही एक चिंताजनक प्रवृत्ति भी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स की होड़ में युवा अपनी जान जोखिम में डालकर स्टंट कर रहे हैं और खतरनाक जगहों पर वीडियो बना रहे हैं।

उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि रेलवे ट्रैक, चलती ट्रेन के दरवाजों, ऊंची इमारतों, पुलों, नदियों और एक्सप्रेसवे जैसी जगहों पर रील बनाना बेहद खतरनाक है। ऐसे कदम न केवल जानलेवा हो सकते हैं, बल्कि परिवार के सपनों को भी पलभर में तोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आए दिन हो रहे हादसे इस खतरे की गवाही देते हैं।

‘लाइक-व्यूज के लिए जीवन दांव पर न लगाएं’
सीएम योगी ने युवाओं को समझाते हुए कहा कि डिजिटल दुनिया में अलग दिखने की चाह, अकेलापन और दिखावे की मानसिकता इस प्रवृत्ति को बढ़ा रही है। उन्होंने चेताया कि ऑनलाइन ट्रेंड्स को देखकर खुद को वायरल करने की कोशिश घातक साबित हो सकती है।

उन्होंने कहा कि युवा ऐसी रील बनाएं जो सांस्कृतिक मूल्यों, विरासत और समाज में सकारात्मकता को बढ़ावा दें। साथ ही उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया—“लाइक और व्यूज के लिए जीवन दांव पर न लगाएं” और ‘रील’ और ‘रियल’ के अंतर को समझें।

अभिभावकों से भी की अपील
मुख्यमंत्री ने अभिभावकों को भी संबोधित करते हुए डिजिटल जागरूकता और जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि बच्चे सोशल मीडिया का उपयोग सही दिशा में करें और समय का सदुपयोग करें।

उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करें और उन्हें सकारात्मक दिशा दें। साथ ही उन्होंने बताया कि राज्य सरकार युवाओं के लिए कई योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ उठाकर वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।

सीएम योगी ने अपने संदेश के अंत में कहा कि एक समृद्ध प्रदेश का आधार सशक्त युवा होते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुरुआत घर से मिलने वाली सही शिक्षा और मार्गदर्शन से होती है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *