ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहारों को लेकर दिए सख्त निर्देश, कहा – “शांति भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा”

लखनऊ, 26 जून: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी धार्मिक पर्वों को लेकर प्रदेशभर के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा, मोहर्रम और जगन्नाथ रथयात्रा जैसे पर्व पूरी श्रद्धा और शांति के साथ मनाए जाएं, लेकिन किसी भी प्रकार की अराजकता या शरारत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बुधवार देर शाम लखनऊ में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 27 जून से 8 जुलाई तक जगन्नाथ रथयात्रा, 27 जून से 6-7 जुलाई तक मोहर्रम और 11 जुलाई से 9 अगस्त तक श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा, श्रावणी शिवरात्रि, नागपंचमी और रक्षाबंधन जैसे त्योहार पड़ेंगे। इन अवसरों पर सभी विभागों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।

कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने गाजियाबाद, मेरठ, बरेली, अयोध्या, प्रयागराज, काशी, बाराबंकी, बस्ती और उत्तराखंड सीमा से सटे जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

  • डीजे, ढोल-ताशे और संगीत की आवाज मानकों के अनुरूप रहे

  • ताजिया और रथ की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक न हो

  • जुलूसों के लिए पेड़ काटना, झुग्गियां हटाना या गरीबों को उजाड़ना पूरी तरह निषिद्ध

  • धार्मिक प्रतीकों का राजनीतिक उपयोग और हथियारों का प्रदर्शन सख्ती से प्रतिबंधित

  • सोशल मीडिया और ड्रोन निगरानी से अफवाहें रोकने के निर्देश

  • कांवड़ मार्ग पर प्रतिबंधित पशुओं के प्रवेश पर रोक

मुख्यमंत्री ने कहा कि अराजक तत्व वेष बदलकर कांवड़ यात्रा में शामिल हो सकते हैं, इसलिए स्थानीय पुलिस को कांवड़ संघों के साथ लगातार संवाद बनाए रखना होगा।

साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, स्ट्रीट लाइट और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

  • खुले में मांस बिक्री और ओवररेटिंग पर रोक

  • दुकानों पर दुकानदार का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो

  • जर्जर बिजली के खंभे और लटकते तार ठीक किए जाएं

  • पॉलीथीन पर पूरी तरह प्रतिबंध लागू किया जाए

  • शिविर लगाने वाली संस्थाओं का सत्यापन कर सुविधा केंद्र चलाएं

श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को शिव मंदिरों में भीड़ प्रबंधन और ट्रैफिक व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए।

मोहर्रम और रथयात्रा को लेकर भी सख्ती

मुख्यमंत्री ने मोहर्रम और जगन्नाथ रथयात्रा के आयोजनों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आयोजन शांति और सुरक्षा के बीच हों। मोहर्रम जुलूसों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद भी जरूरी है।

जातीय संघर्ष की साजिशों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

कौशांबी, इटावा और औरैया में हाल ही में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कुछ तत्व जातीय संघर्ष फैलाने की साजिश रच रहे हैं। उन्होंने अफसरों को स्पष्ट चेतावनी दी कि ऐसी गतिविधियों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

  • दोषियों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाए

  • प्रशासन को शासन के आदेश की प्रतीक्षा किए बिना पहल करनी होगी

CM हेल्पलाइन और IGRS की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने CM हेल्पलाइन और IGRS पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए कुछ जिलों के प्रदर्शन को असंतोषजनक बताया। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे जिले जल्द से जल्द सुधार करें, अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी।

स्कूल पेयरिंग नीति में पारदर्शिता का निर्देश

मुख्यमंत्री ने स्कूल पेयरिंग नीति पर भी बात करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया पारदर्शी और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप होनी चाहिए। जिलाधिकारियों को इसे समयबद्ध और व्यवस्थित ढंग से पूरा करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *