ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मौसम में बदलाव, तापमान में बढ़ोतरी पर ब्रेक

राजस्थान में मौसम को लेकर राहत भरी सूचना है। प्रदेश में विंड पैटर्न बदलने के साथ ही मौसम में बदलाव आ गया है। हवा में नमी की मात्रा बढ़ने से बढ़ते तापमान पर कुछ हद तक ब्रेक लगा है। जबकि होली के बाद से ही तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई थी। अब प्रदेश में ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आ गई है।

मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार अप्रैल के पहले सप्ताह में प्रदेश के कुछ भागों में पांच अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसका असर दो दिन तक रहेगा। इस दौरान कहीं कहीं मेघगर्जना के साथ हल्की बारिश के रूप में नजर आएगा। प्रदेश में विंड पैटर्न में हो रहे बदलाव के असर से गर्मी की बढ़ रही रफ्तार पर आंशिक ब्रेक लगे हैं। बीते 24 घंटे में दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज हुई वहीं गर्मी के तीखे तेवर से भी थोड़ी राहत मिली।

प्रदेश के अधिकांश जिलों में बीते 24 घंटे में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। दिन के तापमान में आई गिरावट के साथ ही रात में भी पारे की बढ़ती रफ्तार पर ब्रेक लगे और कई जिलों में बीती रात पारा सामान्य से कम मापा गया। सीकर में न्यूनतम तापमान 13.2, पिलानी 15, संगरिया 12.5, करौली 14.8, फतेहपुर 13.6 और पर्वतीय स्थल माउंट आबू में रात में पारा 11.7 डिग्री सेल्सियस मापा गया। हवा में बढ़ती नमी के असर से अगले 24 घंटे में भी पारे में बढ़ोतरी की संभावना फिलहाल कम है। बीती रात अजमेर में 21.5, भीलवाड़ा में 17, अलवर में 17, जयपुर में 21, कोटा में 21.5, कोटा में 21.5, चित्तौड़गढ़ में 19, डबोक में 20.2, धौलपुर में 17.8, डूंगरपुर में 23.6, सिरोही में 18.5, बाड़मेर में 25.2, जैसलमेर में 21.8, जोधपुर शहर में 21, बीकानेर में 21.2, चूरू में 16.8, श्रीगंगानगर में 17.3 और जालोर में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

मौसम विभाग के आकलन के अनुसार प्रदेश में इस बार अप्रैल से जून के बीच गर्मी के तेवर तीखे रहने और लू चलने की आशंका है। हालांकि अप्रैल के प्रथम पखवाड़े में विक्षोभ के असर से दिन और रात के तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होने पर गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं दूसरे पखवाड़े की शुरूआत से प्रदेश में गर्मी का रौद्र रूप प्रदेशवासियों को दिखने वाला है। फिलहाल अगले 24 घंटे में प्रदेश में दिन और रात में पारा स्थिर रहने और मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। बीकानेर संभाग में आज कहीं कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *