ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

रांची में बस और बालू लदे हाइवा में टक्कर, मां-बेटी की मौत, कई घायल

राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के तुपुदाना ओवरब्रिज के पास रविवार सुबह करीब पांच बजे एक यात्री बस और बालू लदे हाइवा में हुई टक्कर में मां-बेटी की मौत हो गई। बस रांची से चाईबासा के लिए जा रही थी। इसी दौरान तुपुदाना ओवरब्रिज के पास अनियंत्रित हाइवा ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार रांची से चाईबासा के लिए श्री हरिरथ नाम की बस रविवार सुबह निकली थी। बस जैसे ही तुपुदाना ओवरब्रिज के पास पहुंची, एक तेज रफ्तार हाइवा से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और हाइवा दोनों ही ओवरब्रिज के पिलर में जा घुसे। टक्कर में बस का दाहिना हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में अगली सीट पर बैठे कोडरमा की रहने वाली मां और बेटी की मौत हो गई, वहीं आधा दर्जन से ज्यादा यात्री बुरी तरह से घायल हुए हैं।

इस हादसे में कोडरमा की रहने वाली रीमा देवी (45) और उनकी बेटी सोनल कुमारी (7) की मौत हो गई। दोनों कोडरमा के फॉरेस्ट कॉलोनी के रहने वाले थे। रांची से दोनों खूंटी जाने के लिए चाईबासा जाने वाली बस में बैठे थे।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद तुपुदाना थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। घायलों को बस से निकाल कर अस्पताल भेजा गया। तुपुदाना थाना प्रभारी मीरा सिंह मौके पर पहुंच घायलों को बस से निकालने में लगी रही।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को अस्पताल भिजवाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *