• May 18, 2026

हरिद्वार में हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी, आरोपी युवक गिरफ्तार

उत्तराखंड के हरिद्वार से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हरिद्वार की प्रसिद्ध और पवित्र हरकी पैड़ी को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस को 112 नंबर पर कॉल कर यह धमकी दी गई थी।

जानकारी के मुताबिक, एक युवक ने फोन करके अगले चार दिनों के भीतर हरकी पैड़ी और शहर के अन्य स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी। धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं।

पुलिस ने तुरंत कॉल और लोकेशन ट्रेस कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय सोहन सिंह रावत के रूप में हुई है, जो पौड़ी जिले के यमकेश्वर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

पूछताछ के दौरान युवक ने कबूल किया कि उसने शराब के नशे में पुलिस को धमकी भरा फोन किया था। इसके बाद हरिद्वार नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।

इस मामले में हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की गई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

हरकी पैड़ी का धार्मिक महत्व

हर की पैड़ी हरिद्वार का सबसे प्रसिद्ध गंगा घाट माना जाता है। यहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यहां स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है और मोक्ष की प्राप्ति होती है।

शाम के समय होने वाली भव्य गंगा आरती हरकी पैड़ी की सबसे बड़ी पहचान है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। यही नहीं, यहां हर 12 साल में महाकुंभ और हर 6 साल में अर्धकुंभ मेले का आयोजन भी किया जाता है।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *