छात्रों की समस्याओं का 30 दिन में होगा समाधान, CM सम्राट चौधरी ने शुरू किया ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को बिहार कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, बिदुपुर में ‘सात निश्चय-3’ के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान के अंतर्गत ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य राज्य के शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय के प्रशासनिक-सह-शैक्षणिक भवन में बनाए गए सूचना-सहायता काउंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और विभिन्न जानकारियों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली।
विद्यार्थियों से सीधे संवाद, समस्याओं का सुना समाधान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याएं, शिकायतें और सुझाव सुने। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, वैशाली में बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि जब तक सभी विद्यार्थियों के लिए स्थायी हॉस्टल की व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
₹10 में इंजीनियरिंग की पढ़ाई का जिक्र
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार एक ऐसा राज्य है, जहां मात्र 10 रुपये में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इंजीनियरिंग कॉलेजों में विद्यार्थियों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों को विद्यार्थियों की जरूरतों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि पढ़ाई के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इंजीनियरिंग कॉलेजों के पास खुलेंगे जन औषधि केंद्र
विद्यार्थियों के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने इंजीनियरिंग कॉलेज कैंपस के आसपास प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र खोलने के लिए उपयुक्त स्थान का चयन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र ऐसी जगह खोले जाएं, जिससे विद्यार्थियों के साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी इसका लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों, पॉलिटेक्निक संस्थानों और अंबेडकर छात्रावासों में जन औषधि केंद्र खोले जाने की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा।
30 दिनों के भीतर शिकायतों का अंतिम निपटारा
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ में प्राप्त शिकायतों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर अंतिम निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी करने को भी कहा गया।
सीएम ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों के सुझाव सरकार के लिए महत्वपूर्ण हैं और इनसे नीतियां तैयार करने में मदद मिलेगी।
हर महीने के चौथे मंगलवार को लगेगा शिविर
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य के शिक्षण संस्थानों में हर महीने के चौथे मंगलवार को ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ आयोजित किया जाएगा। इसमें शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा, छात्रावास, पेयजल, शौचालय, कैंटीन समेत विद्यार्थियों से जुड़ी अन्य समस्याओं और सुविधाओं पर शिकायतें एवं सुझाव सुने जाएंगे।
विद्यार्थियों की सुविधा के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत और सुझाव दर्ज करने की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1100 के जरिए भी विद्यार्थी अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और ऑनलाइन उसकी स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
छात्रों के इनोवेशन को स्टार्टअप से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न प्रोजेक्ट्स में नए और उपयोगी इनोवेशन को स्टार्टअप से जोड़ा जाएगा। विद्यार्थियों को नए विचारों और नवाचार के लिए प्रोत्साहित करने पर भी सरकार का जोर रहेगा।
कॉलेज में स्टार्टअप सेल और लैब का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, वैशाली के प्रशासनिक-सह-शैक्षणिक भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्योग विभाग, वैशाली और जिला निबंधन-सह-परामर्श केंद्र की ओर से लगाए गए स्टॉलों का भी जायजा लिया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने भवन की तीसरी मंजिल पर पहुंचकर क्लास रूम, म्यूजिक रूम, सेमिनार हॉल, स्टार्टअप सेल, एंटरप्रेन्योरशिप सेल और विभिन्न प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और सुविधाओं से जुड़ी जानकारी भी ली।