ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

इतिहास के पन्नों में 22 अगस्तः दिलचस्प है चेन्नई के स्थापना की कहानी

देश-दुनिया के इतिहास में 22 अगस्त की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख भारत के लिए कई मायने में खास है। महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान 22 अगस्त, 1921 से विदेशी कपड़ों का बहिष्कार कर उनकी होली जलानी शुरू की और स्वदेशी का नारा लगाया। गांधीजी के आह्वान पर भारत के करोड़ों लोगों ने विलायती कपड़ों का बहिष्कार खादी के कपड़े पहनने शुरू किए। यह अंग्रेजों के खिलाफ एक अलग तरह के विरोध की शुरुआत थी। खेल जगत के लिए भी यह तारीख खास है। भारत की राही सरनोबत ने 2018 में 22 अगस्त को ही एशियाई खेलों की 25 मीटर पिस्टल निशानेबाजी में स्वर्णिम सफलता हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह एशियाई खेलों की निशानेबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। और 22 अगस्त को ही तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई का स्थापना दिवस मनाया जाता है।

22 अगस्त, 1639 को ईस्ट इंडिया कंपनी के फ्रांसिस डे ने विजयनगर के राजा वेंकट राय से कोरोमंडल तट के पास करीब तीन किलोमीटर जमीन को लीज पर लिया था। इसी जगह पर अंग्रेजों ने सेंट जॉर्ज फोर्ट बनवाया। फिलहाल यह फोर्ट तमिलनाडु का विधानसभा भवन है। इसे भारत में अंग्रेजों द्वारा निर्मित पहला किला भी कहा जाता है। उस समय मद्रास में कॉटन बुनाई का खूब काम होता था। अंग्रेजों ने इस फोर्ट के आसपास स्थानीय बुनकरों को बसाने का काम शुरू किया। 1801 तक मद्रास ब्रिटिशर्स की आर्थिक और प्रशासनिक राजधानी रहा। कालांतर में 17 जुलाई 1996 को मद्रास का नाम बदलकर चेन्नई कर दिया गया।

हालांकि, यह आधुनिक मद्रास की स्थापना थी, लेकिन मद्रास शहर का इतिहास सदियों पुराना है। मद्रास को पहले मद्रासपटनम् कहा जाता था। यहां चोला, पल्लव और पंड्या राजाओं का शासन रहा। 1522 में यहां पुर्तगाली आए। उन्होंने एक पोर्ट बनाया और इसे साओ टोम नाम दिया गया। 1612 में यहां डच लोग आए। उन्होंने चेन्नई के उत्तर में पुलिकट में अपना बेस बनाया। डच लोगों के बाद ईस्ट इंडिया कंपनी ने मद्रास को अपनी आर्थिक और प्रशासनिक राजधानी बनाया।

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1320 : गयासुद्दीन तुगलक (गाजी मलिक) ने खिलजी वंश के आखिरी शासक नसीरूद्दीन खुसरो को पराजित किया।

1639 : ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी ने तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई (तत्कालीन मद्रास) की स्थापना की।

1848 : अमेरिका ने न्यू मैक्सिको पर कब्जा किया।

1849 : ऑस्ट्रिया ने इटली के शहर वेनिस पर चालक रहित गुब्बारों से इतिहास का पहला हवाई हमला किया।

1865: लिक्विड सोप के लिए विलियम शेपार्ड को पेटेंट मिला।

1921 : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने विदेशी वस्त्रों की होली जलाई।

1922 : जनरल माइकल कोलिंस की पश्चिम कॉर्क में हत्या कर दी गई।

1944 : अमेरिका, ब्रिटेन, रूस और चीन के प्रतिनिधियों ने संयुक्त राष्ट्र के गठन की योजनाओं को लेकर मुलाकात की।

1969: अमेरिका में समुद्री तूफान में 255 लोगों की मौत।

1978ःकेन्या के प्रथम राष्ट्रपति जोमो केन्याता का 83 साल की आयु में निधन।

2002ः नेपाल में हवाई दुर्घटना में 16 व्यक्ति मारे गए।

2007 : अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की मरम्मत के लिए दो सप्ताह के मिशन पर गया अंतरिक्ष यान एंडेवर फ्लोरिडा में कैनेडी स्पेस सेंटर पर सुरक्षित उतरा।

2007 : मिस्र के पुरातत्वविदों ने पश्चिम रेगिस्तान के सिवा क्षेत्र में लगभग 20 लाख साल पुराने मानव पदचिह्नों का पता लगाया।

2012ः सीरिया के गृहयुद्ध में 47 लोग मारे गए ।

2017: सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक को गैरकानूनी ठहराया।

2018 : राही सरनोबत 25 मीटर पिस्टल निशानेबाजी में स्वर्णिम सफलता हासिल कर, एशियाई खेलों की निशानेबाजी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं।

जन्म

1919ः प्रसिद्ध कवि एवं नाटककार गिरिजाकुमार माथुर ।

1924ः प्रख्यात और प्रतिष्ठित व्यंग्यकार हरिशंकर परसाई।

1935ः काशी के प्रकांड विद्वान रेवा प्रसाद द्विवेदी।

निधन

1818ः भारत के प्रथम गवर्नर जनरल वॉरेन हेस्टिंग।

2014ः ‘ज्ञानपीठ पुरस्कार’ से सम्मानित कन्नड़ भाषा के प्रसिद्ध साहित्यकार यू.आर. अनंतमूर्ति।

2018ः भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेता गुरुदास कामत।

2021ः पूर्व भारतीय फुटबॉलर सैयद शाहिद हाकिम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *