ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

मध्यप्रदेश में अगले 4 दिन आंधी और लू का अलर्ट, कई जिलों का तापमान 40 डिग्री के पार

प्रदेश में तेज गर्मी का दौर जारी है। कई जिलों में शनिवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा। शाजापुर, नौगांव और खजुराहो में पारा 42 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। जबकि भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन सीजन के सबसे गर्म रहे। वहीं, मौसम विभाग ने अगले 4 दिन तक प्रदेश में आंधी, बादल और लू का अलर्ट जारी किया है। मालवा-निमाड़ यानी इंदौर-उज्जैन संभाग के जिलों में तेज गर्मी पड़ेगी और पूर्वी-दक्षिण हिस्से यानी नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बैतूल समेत 13 जिलों में बादल-आंधी वाला मौसम रहेगा। हालांकि वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होने से कुछ जिलों में बूंदाबांदी की संभावना है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पचमढ़ी को छोड़ दें तो प्रदेश के बाकी जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा ही रहा। खजुराहो, शाजापुर और नौगांव सबसे ज्यादा तपे जबकि भोपाल सीजन का सबसे गर्म रहा। इंदौर, उज्जैन, जबलपुर और ग्वालियर भी सीजन के सबसे गर्म रहे। खजुराहो में तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस, शाजापुर और नौगांव में 42.1 डिग्री दर्ज किया गया। खरगोन, टीकमगढ़, रतलाम, रायसेन, मंडला, नरसिंहपुर, रीवा, मलाजखंड, दमोह, खंडवा, सागर और सतना में टेम्प्रेचर 41 डिग्री या इससे अधिक रहा। पचमढ़ी में पारा सबसे कम 35.6 डिग्री सेल्सियस रहा। शिवपुरी, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सिवनी, सीधी, बैतूल, उमरिया और धार में टेम्प्रेचर 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।

बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर अब तक के सबसे गर्म रहे। भोपाल में पहली बार तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में 40.5 डिग्री, ग्वालियर में 41.1 डिग्री, जबलपुर में 40.4 डिग्री और उज्जैन में यह 42 डिग्री रहा। वहीं, मौसम विभाग, भोपाल के वैज्ञानिक प्रकाश धावले ने बताया कि ईरान की ओर से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव है। इस वजह से 6 और 7 मई को पूर्वी मध्यप्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।

अगले 4 दिन ऐसा रहेगा प्रदेश का मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि आज यानि 5 मई को देवास, डिंडोरी में बादल छा सकते हैं। 6 मई को छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, डिंडोरी, अनूपपुर जिलों में बादल रहने का अनुमान है। 7 मई को नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, झाबुआ, बड़वानी, खरगोन और खंडवा में हीट वेव चलने का अनुमान है। वहीं, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडोरी और अनूपपुर में बादल रह सकते हैं। जबकि 8 मई को नीमच, मंदसौर, रतलाम और खरगोन में हीट वेव चलने का अलर्ट है। नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडोरी, शहडोल, अनूपपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में बादल और आंधी की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *