ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

तेजी से बढ़ रहा एक दंतैल हाथी, धमतरी रेंज एवं बनरौद सर्किल में अलर्ट

एक दंतैल हाथी केरेगांव के जंगल से होकर धमतरी रेंज की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। वन विभाग की टीम लगातार हाथी की निगरानी कर रही है। धमतरी रेंज एवं बनरौद सर्किल में अलर्ट घाेषित किया गया है। अभी यह हाथी केरेगांव रेंज में विचरण कर रहा है।

पैरी नदी को पारकर एक दंतैल हाथी धमतरी जिले के केरेगांव रेंज में पहुंच गया है। यह हाथी तेजी से धमतरी रेंज की ओर आगे बढ़ रहा है। 22 मार्च सुबह कक्ष क्रमांक 142, 143 में इस हाथी को विचरण करते देखा गया। खेतों में लगी धान फसल को खाकर एवं रौंदकर नुकसान पहुंचाते हुए यह हाथी आगे बढ़ रहा है। केरेगांव के रेंजर ओंकार सिन्हा ने बताया कि अभी यह हाथी केरेगांव रेंज के छुही बीट में है। हाथी धमतरी रेंज की ओर बढ़ रहा है। जंगल से लगे ग्राम छुही, पीपरछेड़ी, बागोडार, सिरौदकला, बनबगौद, बाजार कुर्रीडीह में अलर्ट कर दिया गया है। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। सिकासेर दल के 35 से 40 हाथी वन परिक्षेत्र के जबर्रा के जंगल में विचरण कर रहे हैंं। ग्राम लिए जबर्रा, चारगांव, खरखा, गजकन्हार, तुमाबाहरा, बिलभदर, नगरी को हाईअलर्ट किया गया है। कल्लेमेटा, डोंगरडुला एवं दुगली में मुनादी कर अलर्ट कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार धमतरी जिला के सिहावा पहाड़ से महानदी का उद्गम होता है। धमतरी जिले में गंगेरल बांध, सोंढूर बांध एवं मुरूमसिल्ली बांध है। जिले के 42 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र वनाच्छादित हैं। हाथियों को पानी पसंद है। गर्मी के मौसम में हाथी पानी की पर्याप्त उपलब्धता वाले क्षेत्र में रहना पसंद करते हैं। हाथियों का विचरण ज्यादातर गंगरेल बांध, मुरूमसिल्ली बांध एवं सोंढूर बांध के जलभराव क्षेत्र में होता है। गर्मी के मौसम में इन क्षेत्रों में हाथी की आमदरफ्त होती रहती है। इस संबंध में डीएफओ धमतरी -शमां फारूखी ने कहा कि धमतरी जिले में इन दिनों सिकासेर दल के हाथी एवं एक दंतैल हाथी विचरण कर रहा है। इसलिए ग्रामीणों से लकड़ी लेने जंगल न जाने और रात में हाथी प्रभावित क्षेत्र के गांव के लोगों को यात्रा नहीं करने की समझाइश दी गई है। एक-दूसरे को सचेत करते हुए घर पर सुरक्षित रहने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *