रायबरेली के झारखंडेश्वर महादेव मंदिर में छठ महोत्सव की धूम, लोकगीतों और भजनों पर झूमे श्रद्धालु
बछरावां (रायबरेली): विकासखंड शेखपुर समोधा स्थित प्रसिद्ध झारखंडेश्वर महादेव मंदिर परिसर में 15 नवंबर 2026 को छठ पर्व महोत्सव के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन रायबरेली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में लोकगीतों, भजनों और आकर्षक धार्मिक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में बाराबंकी के प्रसिद्ध लोक गायक अनिल मिश्रा, लोक गायिका शिवानी माया और शिवांश मिश्रा ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों और उनकी टीम ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक गीतों और भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। मधुर गायकी और संगीत की धुन पर मौजूद श्रोता मंत्रमुग्ध नजर आए।
राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती की झांकियों ने मोहा मन
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण, माता यशोदा और शंकर-गौरा समेत कई धार्मिक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इन झांकियों में कलाकारों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का ध्यान खींचा। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक रामलाल अकेला और पूर्व ब्लॉक प्रमुख सोनिया वर्मा शामिल हुए। इसके अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष शिवेंद्र सिंह, पूर्व प्राचार्य सुभाष चंद्र श्रीवास्तव समेत क्षेत्रीय और जिला स्तरीय कई जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
कार्यक्रम के आयोजक राकेश कुमार ने सभी अतिथियों, कलाकारों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु, श्रोता और दर्शक मौजूद रहे।
