• August 26, 2026

MBBS इंटर्न का स्टाइपेंड दोगुने से ज्यादा बढ़ा, अब हर महीने मिलेंगे ₹25 हजार; 60+ महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में इंटर्नशिप कर रहे MBBS और BDS छात्रों के लिए योगी सरकार ने बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में मेडिकल इंटर्न के इंटर्नशिप भत्ते में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। अब छात्रों को हर महीने 12 हजार रुपये की जगह 25 हजार रुपये इंटर्नशिप भत्ता मिलेगा।

सरकार के इस फैसले से प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों, चिकित्सा संस्थानों और चिकित्सा विश्वविद्यालयों से MBBS और BDS की परीक्षा उत्तीर्ण कर रोटेटिंग इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को सीधा लाभ मिलेगा। बढ़ा हुआ भत्ता पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।

12 हजार से बढ़कर 25 हजार हुआ स्टाइपेंड

MBBS और BDS इंटर्न लंबे समय से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे थे। मौजूदा समय में उन्हें इंटर्नशिप के दौरान 12 हजार रुपये प्रतिमाह भत्ता मिलता था। कैबिनेट के फैसले के बाद अब यह राशि बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रति माह कर दी गई है।

इससे पहले योगी सरकार ने वर्ष 2021 में इंटर्नशिप भत्ते को 7,500 रुपये से बढ़ाकर 12 हजार रुपये किया था। अब एक बार फिर इसमें बड़ी बढ़ोतरी की गई है।

OPD और इमरजेंसी सेवाओं में निभाते हैं अहम भूमिका

MBBS और BDS परीक्षा पास करने वाले छात्रों के लिए रोटेटिंग इंटर्नशिप अनिवार्य होती है। इंटर्नशिप के दौरान छात्र सरकारी चिकित्सा संस्थानों में मरीजों के उपचार में चिकित्सकों की सहायता करते हैं।

इसके अलावा इंटर्न ओपीडी, वार्ड, आपातकालीन सेवाओं और रात्रि ड्यूटी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सरकार के इस फैसले से इन छात्रों को आर्थिक राहत मिलने के साथ ही इंटर्नशिप के दौरान उनकी सेवाओं को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

60 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा

कैबिनेट बैठक में मेडिकल इंटर्न के स्टाइपेंड के अलावा महिलाओं से जुड़ा भी बड़ा फैसला लिया गया। योगी सरकार ने ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ को मंजूरी दी है।

इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश में 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाएं UPSRTC की बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। सरकार के मुताबिक, इस सुविधा का लाभ प्रदेश की एक करोड़ से ज्यादा महिलाओं को मिलने की उम्मीद है।

आधार या वोटर आईडी से मिलेगा लाभ

मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड या वोटर आईडी को मान्य दस्तावेज के तौर पर स्वीकार किया जाएगा। रक्षाबंधन से पहले लिए गए इस फैसले को प्रदेश की वरिष्ठ महिलाओं के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।

योगी सरकार की कैबिनेट बैठक में कुल 24 प्रस्तावों को मंजूरी दिए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें मेडिकल इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाने और वरिष्ठ महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा देने वाले फैसले प्रमुख हैं।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *