राम मंदिर ट्रस्ट की अहम बैठक आज, नए महासचिव और ट्रस्टी के नामों का हो सकता है ऐलान
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को आयोजित होने जा रही है। राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले के सामने आने के बाद यह ट्रस्ट की दूसरी बड़ी बैठक है। इस बैठक में नए महासचिव के नाम पर फैसला होने की संभावना है। इसके अलावा नए ट्रस्टियों की नियुक्ति को लेकर भी चर्चा हो सकती है।
गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद ट्रस्ट में महासचिव का पद खाली है।
ट्रस्ट में तीन पद हुए खाली
जानकारी के मुताबिक, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में पहले 11 स्थायी सदस्य थे, लेकिन अब तीन पद खाली हो चुके हैं।
अयोध्या राज परिवार के सदस्य राजा विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा के निधन के बाद एक सीट खाली हुई। वहीं, महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद दो अन्य पद रिक्त हुए हैं।
ट्रस्ट डीड के अनुसार, बैठक बुलाकर बहुमत के आधार पर स्थायी सदस्यों में से नए सदस्यों का चयन किया जा सकता है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुसार निर्मोही अखाड़े के लिए आरक्षित सीट में बदलाव नहीं किया जा सकता।
फिलहाल निर्मोही अखाड़े के महंत दिनेंद्र दास ट्रस्ट के सदस्य हैं। वहीं, राजा विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्रा के बेटे यतींद्र मिश्रा को ट्रस्ट का नया सदस्य बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इससे पहले 6 जुलाई को हुई ट्रस्ट की बैठक में कृष्ण मोहन को अंतरिम महासचिव बनाया गया था।
व्यवस्था सुधार के लिए समितियों के गठन पर हो सकता है फैसला
आज होने वाली बैठक श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के मठ मणिराम छावनी में होगी। बैठक दो चरणों में आयोजित की जाएगी।
पहली बैठक दोपहर 3 बजे और दूसरी बैठक शाम 4 बजे प्रस्तावित है।
बैठक में मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए अलग-अलग समितियों के गठन पर फैसला लिया जा सकता है। इसमें वित्त व्यवस्था, पूजा प्रबंधन, चढ़ावे की गिनती और दर्शन पास व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जिम्मेदारी बांटने को लेकर चर्चा संभव है।
पहले बैठक के एजेंडे में अयोध्या चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी जांच रिपोर्ट पर चर्चा भी शामिल थी, लेकिन मामला अब सुप्रीम कोर्ट में होने के कारण इस पर चर्चा होने की संभावना कम है।
राम मंदिर CEO नियुक्ति पर भी हो सकती है चर्चा
बैठक में राम मंदिर के CEO पद को लेकर भी चर्चा हो सकती है। CEO पद के लिए अब तक 5 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। चयन प्रक्रिया के तहत पहले आवेदनों की जांच की जा रही है।
इसके बाद योग्य उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया जाएगा और फिर चयन समिति तीन नामों को ट्रस्ट के सामने रखेगी। इनमें से एक नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, 15 अगस्त तक राम मंदिर के नए CEO के नाम का ऐलान किया जा सकता है।
CEO चयन के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है, जिसमें रिटायर्ड जस्टिस प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावरे शामिल हैं।
राम मंदिर ट्रस्ट की यह बैठक मंदिर की प्रशासनिक व्यवस्था और भविष्य की कार्यप्रणाली को लेकर बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।