• July 14, 2026

दिल्ली सरकार ने बदला महिला समृद्धि योजना का नाम, अब ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के तहत महिलाओं को मिलेंगे हर महीने 2500 रुपये

दिल्ली सरकार ने महिला समृद्धि योजना का नाम बदलकर अब ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ कर दिया है। सरकार ने योजना के नए नाम को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य रक्षाबंधन के मौके पर इस योजना को लागू करने का है।

सूत्रों के अनुसार, इस योजना का लाभ दिल्ली की करीब 17 लाख महिलाओं को मिलने की उम्मीद है। योजना के तहत 21 से 60 वर्ष की पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये दिए जाएंगे।

कौन उठा सकेगा योजना का लाभ?

दिल्ली लक्ष्मी योजना का लाभ लेने के लिए कुछ पात्रता शर्तें तय की गई हैं। इसके तहत आवेदन करने वाली महिला का कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली का निवासी होना जरूरी है। इसके अलावा महिला के खिलाफ किसी प्रकार का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए।

सरकार ने यह भी तय किया है कि एक परिवार से केवल एक महिला ही इस योजना का लाभ ले सकेगी। परिवार की सबसे बड़ी महिला को इस योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके साथ ही परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

पंजीकरण के लिए पोर्टल तैयार

सूत्रों के मुताबिक, सरकार ने इस योजना के लिए एक ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल तैयार कर लिया है। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से एक मोबाइल ऐप लॉन्च करने की भी तैयारी की जा रही है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग इस योजना को लागू करेगा। मुख्यमंत्री ने मार्च में वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए इस योजना के लिए 5,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था।

पहले 1 जून को लॉन्च होने वाली थी योजना

जानकारी के अनुसार, इस योजना की घोषणा पहले 1 जून को किए जाने की संभावना थी, लेकिन नाम बदलने के फैसले के कारण इसे लागू करने में देरी हुई। अब पंजीकरण पोर्टल तैयार हो चुका है और योजना के औपचारिक लॉन्च के बाद जल्द ही आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि सरकार एक मजबूत और पारदर्शी व्यवस्था के साथ योजना लागू करना चाहती है, ताकि पात्रता की सही जांच हो सके और कोई भी जरूरतमंद महिला इस योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

उन्होंने कहा था कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक पात्र महिला को हर महीने आर्थिक सहायता मिले और योजना का लाभ अधिकतम संख्या में जरूरतमंद महिलाओं तक पहुंचे।

Digiqole Ad

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *