ataltv.com

Hindi News, Breaking Hindi News, हिंदी न्यूज़, Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, ताजा हिंदी ख़बरें

अखिलेश ने योगी सरकार पर साधा निशाना मार लो कितना मारोगे…

यूपी के बदायूं में एक दरोगा ने शिकायत लेकर पुलिस चौकी पर आए युवक को बेरहमी से बेल्‍ट से पीटना शुरू कर दिया। बनियान और नेकर में अपने कमरे से बाहर निकले चौकी इंचार्ज ने बिना कुछ कहे युवक पर बेल्‍ट चलाना शुरू कर दिया। इस बीच युवक दरोगा से यह कहते सुना गया कि मार लो कितना मारोगे, जान से ही मार सकते हो न। घटना का वीडियो सोमवार की शाम को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसे अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार और यूपी पुलिस पर तंज कसा है।

अखिलेश ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘उप्र पुलिस के कार्यवाहक डीजीपी के अकार्यवाहक दरोगा जी ने अपने आराम में ख़लल पड़ने पर फरियादी जनता पर ही अपनी बेल्ट से हिसंक प्रतिक्रिया दी।अच्छा हुआ दरोगा जी के पास बेल्ट है, थार या बुलडोज़र नहीं, नहीं तो…भाजपा सरकार जनता पर वार!’

बता दें कि यह पूरा वाकया बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र में पड़ने वाली बगरैन चौकी का है। यहां अपनी शिकायत लेकर पहुंचे युवक की बात सुनने से पहले ही इंचार्ज ने उसे पीटना शुरू कर दिया। वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद अफसरों ने जांच-पड़ताल के बाद स्‍पष्‍ट किया कि वीडियो ईद वाले दिन का है। जानकारी के मुताबिक बगरैन चौकी क्षेत्र के सिसैया गांव में रहने वाले कमजोर तबके के युवक का भाई से झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद वह चौकी पहुंचा था। जहां उसने पुलिस से इस बात की शिकायत करनी चाही। लेकिन शिकायत सुनने से पहले ही चौकी इंचार्ज बनियान और नेकर में अपने कमरे से निकले और बिना कुछ कहे युवक पर बेल्‍ट चलाना शुरू कर दिया।

उधर, पुलिस ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा है कि यह वीडियो ईद वाले दिन का है। एक युवक शराब के नशे में पत्‍नी से झगड़ा कर बैठा। इसके बाद वह शिकायत लेकर चौकी पहुंचा। वहां संजीव नाम  के सिपाही से वह भिड़ गया। चौकी परिसर में शोर शराबा सुनकर चौकी इंचार्ज परिसर स्थित अपने आवास से बाहर निकले। युवक उनसे भी भिड़ गया। वीडियो में युवक दरोगा को आत्‍महत्‍या करने, कपड़े फाड़ने का आरोप लगाने की धमकी देते भी सुना जा रहा है। वहीं पिटाई के बाद दरोगा अंत में यह कहते सुना जा रहा है कि ‘इसे मेडिकल के लिए भेज दो।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *